CRIME : दाेस्ताें के साथ पति कर रहा था पार्टी, अचानक से चली गोली, पत्नी की माैत : मौके से दोस्त हुआ फरार

 

CRIME : दाेस्ताें के साथ पति कर रहा था पार्टी, अचानक से चली गोली, पत्नी की माैत : मौके से दोस्त हुआ फरार

शहर मुख्यालय के भारौली थाना क्षेत्र के भागीरथ पुरा गांव में चार दोस्तों के साथ युवक देर रात पार्टी कर रहा था। पार्टी के दौरान अचानक गोली चली। गोली घर के आंगन में मौजूद युवक की पत्नी को लगी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात रात 12:30 बजे की है। गोली चलने के बाद दोस्त भाग खड़े हुए। युवक ने पुलिस को सूचना दी। भारौली पुलिस ने रात में मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। रात 2 बजे डीएसपी मोतीलाल कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद शनिवार सुबह एफएसएल अधिकारी डॉ अजय सोनी को पड़ताल के लिए बुलाया गया है।

यह है घटनाक्रम

डीएसपी मोतीलाल कुशवाहा और भारौली थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया भागीरथ पुरा गांव निवासी विनोद सिंह राजावत शुक्रवार देर रात दोस्त छुन्नू, गोलू, छोटू और परमाल सिंह के साथ पार्टी कर रहे थे। पार्टी का आयोजन विनोद ने अपने घर में ही किया था। पार्टी के दौरान रात 12:30 बजे विनोद के दोस्तों के बीच से अचानक गोली चली। गोली घर के आंगन में किचन के पास मौजूद विनोद की 39 वर्षीय पत्नी भूरी देवी को लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर गोली चलते ही विनोद के दोस्त पार्टी छोड़ भाग गए। विनोद ने भारौली पुलिस को वारदात की सूचना दी। सूचना मिलते ही भारौली पुलिस मौके पर पहुंची। रात 2 बजे डीएसपी कुशवाहा भी पहुंचे। उन्होंने रात में भी पड़ताल की। इसके बाद शनिवार सुबह भिंड से एफएसएल अधिकारी डॉ अजय सोनी को बुलाया है। एफएसएल अधिकारी पड़ताल कर रहे हैं।

झगड़ा नहीं हुआ, अचानक चली गोली

भारौली थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में भूरी देवी के पति विनोद सिंह राजावत ने बताया है कि वह दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। पार्टी के दौरान किसी तरह का झगड़ा नहीं हुआ। वे फिलहाल पुलिस को यह नहीं बता पा रहे हैं की गोली कैसे और किससे चली। भारौली पुलिस एफएसएल अधिकारी की मदद से पूरी पड़ताल कर रही है।

किचन के पास टूटी मिली भूरी देवी की चूड़ियां

देर रात भूरी देवी की गोली लगने से मौत के बाद उनके पति विनोद सिंह ने पुलिस को बताया कि रेत के विवाद में कुछ लोगों ने पत्नी को गोली मारी है, लेकिन मौके पर पहुंचे डीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने पड़ताल की तो पाया कि किचन के पास टूटी हुई चूड़ियां भी पड़ी हुई थी। इसके अलावा मौके पर उन्हें नॉनवेज और शराब पार्टी के साक्ष्य भी मिले हैं। डीएसपी का कहना है कि वारदात गृहक्लेश से जुड़ी भी हो सकती है। पुलिस इस ऐंगल पर भी पड़ताल करेगी।

वर्जन:

कल रात भारौली में गोली चलने से एक महिला की मृत्यु होने की सूचना मिली थी। घटना स्थल घर के अंदर की परिस्थितियों को देखने से पृथमदृष्टया घरेलू अंतरकलह के दौरान फायर किया जाना प्रतीत हुआ। परंतु स्वजन ने अज्ञात पर संदेह व्यक्त किया है। मामला कायम कर

विवेचना की जा रही। वारदात रेत में वर्चस्व की लड़ाई से संबंधित नहीं है।

मोतीलाल कुशवाहा, डीएसपी, मुख्यालय भिंड

वर्जन:

भारौली कलां गांव में दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान रात में गोली चली है। गोली लगने से पार्टी कर रहे युवक की पत्नी की मौत हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि गोली किसने चलाई है। इस संबंध में पड़ताल अभी जारी है। एफएसएल अधिकारी को जांच के लिए बुलाया है। उनकी जांच के बाद महिला के शव को पीएम के लिए भिजवाया जाएगा।

वाल्मीकि चौबे, थाना प्रभारी, थाना भारौली

Related Topics

Latest News