MP : अजीबो-गरीब मामला : लड़की की मांग में सिंदूर भरने के बाद साली को लेकर भाग गया दूल्हा

 

MP : अजीबो-गरीब मामला : लड़की की मांग में सिंदूर भरने के बाद साली को लेकर भाग गया दूल्हा

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में “दूल्हा-दुल्हन और साली” का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। शायद ही कभी सुनने में आया हो कि शादी होने के बाद भी “शादी न होने से” नाराज दूल्हा, दुल्हन की बहन को लेकर भाग गया हो। लेकिन ऐसा सच में हुआ है यहां के गांव पद्दापुरा में. यहां नाबालिग लड़की की शादी तो हुई, लेकिन कानूनी विरोध के चलते अमान्य हो गई। शादी और अपहरण से लड़कियां तो जैसे-तैसे बच गईं, लेकिन लड़का अभी तक फरार है। उसके चक्कर में पुलिस घनचक्कर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस और महिला बाल विकास अधिकारियों को सूचना मिली की कुसुम (परिवर्तित नाम) नाबालिग है और दलित समुदाय से आती है। उसके घर वाले उसकी शादी करवा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस लड़की के घर पहुंच गई और दूल्हा-दुल्हन सहित परिवार वालों को समझाया और लड़की को थाने ले आई। हालांकि, शादी हो चुकी थी और लड़का लड़की की मांग में सिंदूर भर चुका था, लेकिन पुलिस ने इस शादी को अमान्य कर दिया। पुलिस लड़के को समझाती रही कि कानूनन यह कदम गलत है। इसके क्या परिणाम हो सकते हैं, उसे और उसके घरवालों को क्या सजा मिल सकती, ये शादी क्यों नहीं हो सकती। लेकिन, लड़का लगातार पुलिस की बात को मानने से लगातार इनकार करता रहा।

जब बौखला गया लड़का

जब लड़के को लगा कि अब उसका बस नहीं चलेगा तो वह बौखला गया और थाने से बाहर निकला। इस बीच उसे पता नहीं क्या सूझा कि वह दुल्हन की बहन के पास गया और उसे उठाकर भाग गया। यह लड़की भी नाबालिग ही है। पुलिस ने जैसे-तैसे लड़की को तो ढूंढ लिया, लेकिन लड़का अभी भी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने ये रिश्ता करवाने वाली दूल्हे की मौसी को गिरफ्तार किया है।

Related Topics

Latest News