MP : प्रेमी बोला- पति को छोड़ो और मेरे साथ रहो वर्ना सुहाग उजाड़ दूंगा, नहीं मानी तो कैंची से गला काट दिया

 
MP : प्रेमी बोला- पति को छोड़ो और मेरे साथ रहो वर्ना सुहाग उजाड़ दूंगा, नहीं मानी तो कैंची से गला काट दिया

इंदौर में एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की उसकी पांच साल की बेटी के सामने कैंची से गला काटकर हत्या कर दी। लहूलुहान महिला मदद के लिए थोड़ी देर तक दौड़ती रही, लेकिन कोई आगे नहीं आया। नतीजतन तड़प-तड़पकर उसकी मौत हो गई। आरोपी युवक महिला पर दबाव बना रहा था कि वह अपने पति को छोड़कर उसके साथ रहे। गुरुवार देर शाम भी इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। जब महिला नहीं मानी तो युवक ने उसकी हत्या कर दी। बताया जाता है कि दोनों का प्रेम-प्रसंग महिला की शादी से पहले का है। आरोपी आदतन अपराधी है, उसके खिलाफ पांच से अधिक केस दर्ज हैं। पुलिस ने हत्या में उपयोग की गई कैंची भी बरामद कर ली है।

प्रेमिका को मरता छोड़ स्कूटर से भाग गया

लसूड़िया थाना क्षेत्र की सुपरसिटी में गुरुवार रात आरोपी सौरभ गोत्रे ने प्रिया अग्रवाल (26) की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी स्कूटर लेकर भाग निकला। हालांकि पुलिस ने आधे घंटे बाद उसे परदेशीपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पता चला है कि सौरभ ने प्रिया को धमकी दी थी कि वह पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगे। अगर वह ऐसा नहीं करेगी तो वह उसके पति की हत्या कर देगा। गुरुवार को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

MP : प्रेमी बोला- पति को छोड़ो और मेरे साथ रहो वर्ना सुहाग उजाड़ दूंगा, नहीं मानी तो कैंची से गला काट दिया

वो आत्महत्या की धमकी देती थी, इसीलिए उसे मार दिया

पुलिस गिरफ्त में आरोपी सौरभ ने बताया कि प्रिया के पति को हमारे रिश्ते की भनक लग गई थी। पति की समझाइश के बाद प्रिया ने मुझसे मिलना बंद कर दिया था। प्रिया ने मुझे फोन पर धमकी दी थी कि मैंने उससे मिलने की कोशिश की तो वह खुदकुशी कर लेगी, इसलिए मैंने उसे मौत की नींद सुला दिया।

ऐसे दोनों का प्रेम परवान चढ़ा

पुलिस के अनुसार आरोपी सौरभ और मृतक प्रिया की जान-पहचान 7 साल पुरानी है। दोनों एक ही समाज से हैं, इसलिए दोनों की मुलाकात सामाजिक कार्यक्रमों में होती रहती थी। इस दौरान दोनों में प्यार हो गया, लेकिन प्रिया के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। शादी के बाद भी दोनों ने मिलना नहीं छोड़ा था। पुलिस के अनुसार लॉकडाउन में प्रिया पति का घर छोड़कर अपने प्रेमी सौरभ के साथ उसके घर जनता कॉलोनी चली गई थी, लेकिन सौरभ के घरवालों ने दोनों को रखने से मना कर दिया था। इसके बाद सौरभ ने प्रिया को उसके घर वापस छोड़ दिया था। तब से ही प्रिया की उसके पति श्याम से इस बात को लेकर अनबन चल रही थी।

तीन साल पहले पता चला

प्रिया का पति श्याम एक साबूदाना कंपनी में नौकरी करता है। उसने पुलिस को बताया, उसे दोनों के बीच संबंध होने की जानकारी तीन साल पहले लगी थी। मैंने सौरभ को समझाया, तो उसने मुझे भी जान से मारने की धमकी दी। प्रिया भी उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन वह फोन पर धमकी देता था।

प्रिया भी सौरभ से हो चुकी थी परेशान

गुरुवार शाम करीब 4 बजे सौरभ ने प्रिया को फोन किया था तब उसने कहा था कि मुझे फोन मत किया करो। अगर दोबारा फोन किया तो मैं पुलिस में शिकायत कर दूंगी। सौरभ के फोन के बाद प्रिया ने श्याम को फोन कर बताया था कि वह सौरभ से परेशान हो चुकी है। प्रिया कह रही थी कि मैं फांसी लगाकर आत्महत्या कर लूंगी। श्याम ने कहा- मैं घर आता हूं फिर बात करते हैं। इसके बाद सौरभ ने फिर शाम 6 बजे फोन किया और उसी इलाके के एक गार्डन में मिलने बुलाया। प्रिया सौरभ से मिलने पहुंची थी। इस दौरान दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद जैसे ही प्रिया घर जाने के लिए आगे बढ़ी, सौरभ ने पीछे से उसकी गर्दन पर वार कर दिया।

बुधवार को भी आरोपी ने मिलने बुलाया था

लहूलुहान प्रिया मदद के लिए कुछ दूर भागी और फिर एक दुकान के सामने सीढ़ियों पर गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले 108 को फोन लगाया, लेकिन एंबुलेंस आने में देरी के बाद थाने को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस घायल प्रिया को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके पति श्याम को दी। श्याम ने पुलिस को बताया, प्रिया का मायका गांधी नगर में था। दोनों 3 साल पहले लसूड़ि‍या थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानशीला में रहने आए थे। आरोपी ने बुधवार को भी प्रिया को मिलने बुलाया था, जिसके बाद प्रिया बच्ची के साथ गजक लेने के बहाने गई थी। घटनास्थल से महिला का घर 200 मीटर दूरी पर ही था। आरोपी जनता क्वार्टर का रहने वाला है और आदतन अपराधी है।

Related Topics

Latest News