REWA : खनन माफिया के खिलाफ ताबतोड़ कार्यवाही जारी : अवैध कारोबार पर 1.15 करोड़ का अर्थदंड, 247 वाहन पकड़ाए

 
REWA : खनन माफिया के खिलाफ ताबतोड़ कार्यवाही जारी : अवैध कारोबार पर 1.15 करोड़ का अर्थदंड, 247 वाहन पकड़ाए

रीवा. जिले में खनन माफिया के खिलाफ अभियान जारी है। विशेष अभियान के दौरान पखवाड़ेभर में 40 से अधिक वाहन खनिज का अवैध परिवहन करते पकड़े गए। जबकि चालू वित्तीय वर्ष में यानी एक साल के भीतर अवैध परिहवन करते 247 वाहन पकड़ाए। खनिज अमले ने अवैध कारोबार करने वाले 275 पर प्रकरण दर्ज कर 1.15 करोड़ रुपए से अधिक का अर्थदंड अधिकरोपित किया है। जिसमें 90 लाख रुपए से अधिक अर्थदंड खजाने में जमा कराए। 

सालभर में पकड़ाए 247 वाहन 
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जिले में खनन माफिया के खिलाफ अभियान तेजी के साथ चल रहा है। विशेष अभियान के दौरान टॉस्क फोर्स की कार्रवाई के साथ ही छिपटपुट कार्रवाई भी जारी है। बीते दो दिन के भीतर चाकघाट और हनुमना में 15 वाहन पकड़े गए। सभी पर करीब पांच लाख रुपए का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। खनिज विभाग के रेकार्ड के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में माफिया पर शिकंजा कसने के साथ अवैध परिवहन करते 247 वाहन पकड़े जा चुके।

अवैध परिवन से 83 लाख का अर्थदंड 
खनिज अमले ने अकेले अवैध परिवहन में 83 लाख रुपए अर्थदंड वसूली हुई है। इसके अलावा हुजूर तहसील के बनकुंइया, हनुमना, त्योथर सहित विभिन्न जगहों पर अवैध उत्खनन के 15 केस बनाए गए हैं। प्रकरण दर्ज कर करीब 12 लाख रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। छह लाख रुपए से अधिक अर्थदंड जमा कराए। कुल मिलाकर अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण के अब तक 275 प्रकरण बनाए गए। सभी को मिलाकर 1.15 करोड़ रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। जिसमें 90 लाख रुपए से अधिक अर्थदंड की वसूली हो चुकी है। 

25 प्रकरण विचाराधीन 
विशेष अभियान के दौरान खनिज विभाग की ओर से प्रकरण बनाकर प्रस्तावित अर्थदंड के करीब 25 प्रकरण विचाराधीन हैं। जिसमें दो अवैध उत्खनन, 14 अवैध परिवहन और 9 अवैध भंडारण के मामले कलेक्टर कोर्ट में विचाराधीन है।

Related Topics

Latest News