BHOPAL : 24 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद महिला की हत्या का खुलासा, पहले बेरहमी से पीटा फिर सिर को पत्थर पर पटक-पटककर मारा

 

BHOPAL : 24 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद महिला की हत्या का खुलासा, पहले बेरहमी से पीटा फिर सिर को पत्थर पर पटक-पटककर मारा

भोपाल में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब 24 घंटे की मेहनत के बाद मृतका की शिनाख्त करने में सफलता हासिल कर ली है। वह निशातपुरा में पति और बच्चे से अलग रह रही थी। बताया जाता है कि वह तीन दिन से लापता थी। हत्या से पहले उससे जमकर मारपीट की गई। उसके सिर को जमीन पर पटक-पटककर उसे मारा गया।

हालांकि अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। भोपाल पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश शासन से भी मदद मांगी थी। डीआईजी इरशाद वली ने मृतका और हत्यारे के बारे में किसी भी तरह की जानकारी देने पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने इस मामले में दो से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने पहली चुनौती पार की

एसपी नार्थ विजय कुमार खत्री ने बताया कि महिला की शिनाख्त मूलत: शमशाबाद विदिशा निवासी 24 साल की कृष्णा अहिवार के रूप में हुई। वह निशातपुरा के करोंद क्षेत्र में अकेले रहती थी और प्राइवेट जॉब करती थी। उसकी शिनाख्त छोला में मंदिर थाने क्षेत्र में रहने वाले उसके दो भाई ने गुरुवार दोपहर बाद की। वह दो दिन से लापता थी।

शव की शिनाख्ती के लिए सागर से लेकर झांसी तक की पुलिस से संपर्क किया गया था, लेकिन लाश मिलने के 14 घंटे बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। ऐसे में पुलिस की सबसे पहली चुनौती मृतका की शिनाख्त करने की थी, जिसे पार करने में पुलिस ने कामयाबी हासिल कर ली है।

हत्या के पहले जमकर पिटाई की गई

पुलिस के अनुसार मृतका के शरीर पर चोटों के कई घाव मिले हैं। हत्या के पहले महिला से जमकर मारपीट की गई। उसके पैर, हाथ और शरीर के हिस्सों में चोटें हैं। इतना ही नहीं उसका सिर जमीन पर बार-बार पटक कर हत्या की गई। उसके बाद पत्थर से उसका चेहरा और सिर कुचला गया।

दो साल से अलग रह रही

कृष्णा की शादी करीब तीन साल पहले शमशाबाद, विदिशा में हुई थी। शादी के बाद उसे एक बेटी हुई थी। वह बेटी अभी दादा के घर पर रहती है। उनकी अरेंज मैरिज हुई थी। शादी के एक साल बाद ही वह पति को छोड़कर आ गई थी। उसके बाद वह भोपाल के निशातपुरा में मायके से दूर किराए से रह रही थी।

बुधवार शाम गांधी नगर में मिला था शव

गांधी नगर पुलिस के अनुसार बुधवार शाम बीडीए कॉलोनी के पास स्थित पतंजलि परिसर के एक सुनसान प्लाट की झाड़ियों में महिला का शव मिला था। लोगों की सूचना पर शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के चेहरे और सिर पर पत्थर से मारने के घाव मिले थे। पास ही खून से सना पत्थर भी मिला है। वह नीले रंग का जींस और टॉप पहने हुए थी। पोस्टमार्टम में किसी भारी चीज से हत्या करने की पुष्टि हुई है।

12 से अधिक शहरों की पुलिस से संपर्क किया गया

गांधी नगर पुलिस ने मृतका की शिनाख्त के लिए भोपाल के सभी थानों में इसकी सूचना दी, ताकि इस उम्र की गायब महिला की जानकारी मिल सके। इसके अलावा सीहोर, रायसेन, विदिशा, सागर और होशंगाबाद समेत 12 से ज्यादा शहरों की पुलिस से संपर्क कर जानकारी साझा की गई। इसके अलावा पुलिस ने उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस से भी संपर्क किया है। स्थानीय पुलिस से मृतका की शिनाख्त किए जाने के लिए सहयोग मांगा गया था।

Related Topics

Latest News