REWA : बदमाशों ने घर में घुसकर युवक के पेट में चाकू से किए 10 वार, पत्नी बचाने आई तो उसे भी छत से फेंका; अस्पताल में पति की मौत

 

REWA : बदमाशों ने घर में घुसकर युवक के पेट में चाकू से किए 10 वार, पत्नी बचाने आई तो उसे भी छत से फेंका; अस्पताल में पति की मौत

रीवा के समीप एक गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खड्डा गांव के एक घर में आधी रात को घुसे बदमाशों ने युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक के पेट में चाकू से 10 वार किए। पत्नी बचाने आई, तो उसे भी छत से फेंक दिया। काफी देर बाद जब पत्नी को होश आया, तो उसने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दोनों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पति की रविवार दोपहर मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। पुलिस का मानना है कि कुछ श्रमिकों की पहले से युवक की पत्नी पर नजर थी।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने बताया, पन्ना के श्रमिक पति और पत्नी खड्डा गांव के निर्माणाधीन घर में रहकर मजदूरी करते थे। यहां अन्य मजदूरों का भी आना जाना था। कुछ मजदूर अजय चौधरी (25) की पत्नी नेहा चौधरी (22) पर बुरी नजर रखते थे। शनिवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच नशे में धुत चार आरोपी घर में घुसे। आरोपियों ने घर में सो रहे अजय पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। नेहा बचाने दौड़ी, तो उसे छत से नीचे फेंक दिया। वह बेहोश हो गई। काफी देर बाद होश आया, तो उसने गांववालों को सारी बात बताई। रात में ही सिटी कोतवाली और डायल 100 पुलिस को सूचना दी गई।

इलाज के दौरान पति की मौत

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चाकू के 10 वार किए थे। इससे पेट की नसें कट गईं। खून भी बहुत बह गया था। दोपहर में अजय की मौत हो गई। वहीं, नेहा की हालत गंभीर है।

आए थे पेट पालने, मिली मौत

बता दें, पन्ना जिला पिछड़ा है। यहां के ज्यादातर लोग अन्य जिलों और प्रदेशों में पलायन कर मजदूरी करते हैं। पेट पालने में रुकावट न हो, ऐसे में परिवार समेत बाहर जाते हैं। अजय चौधरी भी पत्नी नेहा के साथ पेट पालने रीवा आया था।

Related Topics

Latest News