SATNA : बोरिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद के चलते लाइसेंसी बंदूक से रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या

 

SATNA : बोरिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद के चलते लाइसेंसी बंदूक से रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या

सतना जिले में एक रिटायर्ड फज्ञैजी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। बोरिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। घटना रविवार रात अमरपाटन थाना क्षेत्र के त्योंधरी गांव का है।

घटना के बाद एसडीओपी मैहर हिमाली सोनी तीन थानों के पुलिस बल के साथ त्योंधरी गांव पहुंचीं। यहां पीड़ित और आरोपी के परिवार से पूछताछ करते हुए गांव वालों से पूरे मामले की हकीकत जानने की कोशिश की जा रही है।

त्योंधरी गांव निवासी पंचराज सिंह उर्फ रितु सेना से रिटायर्ड थे। रविवार की शाम रितु के पड़ोस में रहने वाले संतोष सिंह के यहां बोरिंग मशीन करने आई थी। तभी बोरिंग मशीन के चालक से रितु का विवाद हो गया। ऐसे में पड़ोसी संतोष सिंह और उसके परिवार के सदस्य बीच बचाव करने आ गए। देखते ही देखते संतोष और रितु के बीच झगड़ा बढ़ गया।

कुछ देर बाद रितु अपने कुछ साथियों के साथ लाठी डंडे लेकर संतोष सिंह के यहां मारपीट करने पहुंच गए। विवाद बढ़ता देख संतोष सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और रितु पर फायर कर दिया।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत

अमरपाटन पुलिस की मानें तो वारदात के बाद रितु के घर के सदस्य आनन फानन में घायल फौजी को अस्पताल ले जाने के लिए घर से रवाना हुए। लेकिन डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया। ​डॉक्टरों का कहना था कि गोली लगते ही मृतक के शरीर से काफी मात्रा में खून बह गया, जिससे उनको नहीं बचाया जा सका।

पुराना जमीन विवाद

बता दें कि रिटायर्ड फौजी रितु और संतोष सिंह के घर का पुराना जमीन विवाद चलता था। इसके पहले भी दोनों पक्ष आमने सामने आ चुके है। घटना के बाद दोनों पक्षों के अन्य सदस्यों को भी चोट आई है। मैहर एसडीओपी हिमाली सोनी देर रात तक नादन देहात थाना प्रभारी एचएल मिश्रा, अमरपाटन थाना प्रभारी आरएच सोनकर, रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी और रामनगर थाना पुलिस देर रात तक जांच में जुटी रही।

दोनों पक्षों से होगी एफआईआर

दो पक्षों के विवाद के बाद फौजी की हत्या के मामले में जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चूंकि विवाद दोनों पक्षों के बीच हुआ है। ऐसे में दोनों पक्षों से शिकायत ली जा रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Related Topics

Latest News