LIVE : रैगांव पहुँचे CM शिवराज : जनसभा को करेंगे संबोधित, क्षेत्र में ये घोषणाएं होने की संभावना

 

LIVE : रैगांव पहुँचे CM शिवराज : जनसभा को करेंगे संबोधित, क्षेत्र में ये घोषणाएं होने की संभावना

मध्य प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान एक पखवाड़े में दूसरी बार आज 25 सितंबर को सतना जिले के रैगांव विधानसभा के दौरे पर आ रहे है। सीएम की इस बार रैगांव व कोठी में सभा है। इसके लिए पंडाल का निर्माण जारी है। दोनों जगहों पर अस्थायी हेलीपैड भी तैयार कर लिए गए है।

गुरुवार को कलेक्टर व एसपी और शुक्रवार को भाजपा के पदाधिकारियों ने मौका मुआयना कर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए है। बता दें कि इसके पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान 12 सितंबर को चुनावी बिगुल फूंकते हुए शिवराजपुर में सभा को संबोधित कर जनदर्शन यात्रा निकाली थी।

11.30 बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम

प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो शनिवार को सुबह 10.25 बजे सीएम स्टेट हेंगर भोपाल से बाई प्लेन रवाना होकर 11.05 बजे खजुराहो पहुंचेगे। फिर 11.10 बजे खजुराहो से हेलीकॉप्टर से चलकर 11.35 बजे रैगांव में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरेंगे। जहां पर चुनावी सभा करने के बाद जनदर्शन यात्रा में शामिल होंगे। सीएम शिवराज का जनदर्शन यात्रा का रथ रैगांव से शुरू होकर धौरहरा, इटमा, गोपालगंज, सेमरिया, करसरा, रकसेलवा, झाली, गौरैया, बरहना, दिदौध, मौहार गांव में समापन होगा। फिर शाम 5 बजे से आधे घंटे की कोठी फुटबाल मैदान में सभा होगी। इसके बाद 5.50 बजे सीएम खजुराहों से बाई प्लेन भोपाल रवाना हो जाएंगे।

एडीएम को बनाया सुरक्षा व्यवस्था का प्रभारी

सतना जिले के विभिन्न ग्रामों में निर्धारित आमसभा, जनदर्शन कार्यक्रम को दृष्टिग रखते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था पर नियंत्रण के लिये अपर कलेक्टर राजेश शाही को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया। साथ ही एएसपी सुरेन्द्र कुमार जैन शांति एवं कानून व्यवस्था बनाने में सहयोग करेंगे। ऐसे में कलेक्टर ने ड्यूटी में तैनात कार्यपालिक दंडाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समय से पूर्व अपने कर्तव्य स्थल पर पहुंचे

कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगी

जारी निर्देश में उपखंड मजिस्ट्रेट संस्कृति शर्मा, तहसीलदार बीके मिश्रा एवं नायब तहसीलदार अरूण यादव की ड्यूटी एयर स्ट्रिप सतना में लगाई गई है। तहसीलदार मानवेन्द्र सिंह की रैगांव हेलीपैड, उपखंड मजिस्ट्रेट पीएस त्रिपाठी, ना.तह. आशुतोष मिश्रा, ना.तह. नितिन कुमार झोंड़ एवं ना.तह. अनुराधा सिंह की रैगांव सभास्थल में तैनात किया गया है। साथ ही ना.तह. दीपक कुमार द्विवेदी को ग्राम धौरहरा में, ना.तह. ऋषि नारायण सिंह की ग्राम इटमा में और ना.तह. प्रदीप तिवारी की ड्यूटी ग्राम गोपालगंज में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए लगाई गई है।

कोठी सभा स्थल पर ज्यादा फोकस

इसी प्रकार ना.तह. आशीष शर्मा की ड्यूटी ग्राम सेमरिया में, तहसीलदार ईश्वर प्रधान की ग्राम करसरा में, ना.तह. अखिलेश शर्मा की ग्राम रकसेलवा में, ना.तह. सुमित गुर्जर की झाली में, ना.तह. अजयराज सिंह की गोरइया में, ना.तह. अजीत तिवारी की बरहना में, ना. तह. गणेश देशभ्रतार की दिदौंध में, ना.तह. सुषमा रावत की ग्राम मौहार में व्यवस्था देखेंगे। जबकि उपखंड मजिस्ट्रेट धीरेन्द्र सिंह, ना.तह. शैलेन्द्र बिहारी शर्मा, सविता यादव एवं हिमांशु भलावी की ड्यूटी कोठी सभा स्थल में कानून व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है।

ये घोषणाएं होने की संभावना

भाजपा सूत्रों की मानें तो उपचुनाव को लेकर शिवराज सिंह चौहान ​रैगांव विधानसभा क्षेत्र में कई घोषणाएं कर सकते है। जिसमे रैगांव व कोठी में कालेज, करसरा, सेमरवारा, ओढकी में विद्युत सब स्टेशन, रैगांव में खेल मैदान, रैगांव उप चौकी का थाने में उन्नयन, रैगांव को उप तहसील का दर्जा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रैगांव का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन आदि घोषणाएं हो सकती है।

Related Topics

Latest News