REWA : 7 दिवसीय साइकिल यात्रा : विधानसभा अध्यक्ष ने जनसेवा की नई परंपरा शुरू की है: वी​डी शर्मा

 

REWA : 7 दिवसीय साइकिल यात्रा : विधानसभा अध्यक्ष ने जनसेवा की नई परंपरा शुरू की है: वी​डी शर्मा

मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम की 7 दिवसीय साइकिल यात्रा का रविवार से शुभारंभ हुआ। ग्राम पुरवा, पड़रिया में आयोजित हुए मुख्य समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा की मौजूदगी में साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाई गई। ये साइकिल यात्रा देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव घर-घर जाएगी। इस दौरान विस अध्यक्ष आम जनता के बीच पहुंचकर जन समस्याओं का निराकरण करेंगे।

31 अक्टूबर को साइकिल यात्रा का समापन देवतालाब स्टेडियम से होगा। जहां मुख्य अ​तिथि के रूप में सीएम शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। बता दें कि साइकिल यात्रा के प्रथम दिन विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ग्राम पड़रिया, शुकुलगवां, बेलहाई, फरेदी, देवरा फरेंदा, मनिकवार, हिनौती और रमपुरवा में आमजनता से संवाद किए। यात्रा के दौरान आधा सैकड़ा साइकिलें शामिल थी। जो आम जनता के बीच चर्चा का विषय रहीं।

जनता के बीच पहुंचने से होता है आत्मीय संबंध

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति सोशल मीडिया के माध्यम से होने लगी है। सोशल मीडिया से इंटिमेशन होता है, लेकिन इंटिमेसी यानी आत्मीय संबंध जनता के बीच जाकर ही होते हैं। मेरी साइकिल यात्रा देश के प्रधानमंत्री के 20 वर्षों के सुशासन का समर्पित है। प्रधानमंत्री ने कोरोना की दो भयंकर लहरों में देश को सफल नेतृत्व देकर संकट से उबारा। कहा, सीतापुर से रायपुर के लिए 116 करोड़ रुपए की सड़क बनाई जा रही है। इसका निर्माण दो-तीन महीने में पूरा हो जाएगा। देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के 108 गांवों को जलजीवन मिशन से नल जल योजना की सौगात मिली है। आमजनता की कठिनाईयां दूर करने और विकास का लाभ देने के लिए मैं निरंतर प्रयास करता रहूँगा।

देखें वीडियो 

          

गिरीश गौतम विन्ध्य के गौरव हैं: वीडी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जनसंपर्क साइकिल यात्रा जन कल्याण के लिए की जा रही है। गिरीश गौतम विन्ध्य के गौरव हैं। विधानसभा अध्यक्ष लोकतंत्र के मंदिर के मुखिया हैं, फिर भी आमजनता से सतत संवाद बनाए रखने के लिए साइकिल यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने जनसेवा की नई परंपरा शुरू की है। मैं विधानसभा अध्यक्ष को यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। विधानसभा अध्यक्ष का पूरा जीवन संघर्ष का प्रतिमान है। लोकतंत्र को जनता से ही ऊर्जा मिलती है। इसलिए जन-जन से संवाद और संपर्क होने पर ही लोकतंत्र को बल मिलेगा। जनता की सेवा ही भगवान की सेवा है।

पुरवा में आयोजित हुआ मुख्य समारोह

ग्राम पुरवा में आयोजित समारोह में कन्या पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में विधायक मनगवां पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक पन्नाबाई प्रजापति, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम, प्रज्ञा त्रिपाठी, सुरेन्द्र सिंह चंदेल, संजय द्विवेदी, रणवीर सिंह रावत, शशांक शेखर श्रीवास्तव पार्टी पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Topics

Latest News