OMG-2 की उज्जैन में शूटिंग : अक्षय ने लिए आशीर्वाद , लिखा- कर्ता करे न कर सके, शिव करे सो होय...

 

OMG-2 की उज्जैन में शूटिंग :  अक्षय ने लिए आशीर्वाद , लिखा- कर्ता करे न कर सके, शिव करे सो होय...

उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद फिल्म स्टार अक्षय कुमार ने अपनी अपकमिंग मूवी OMG-2 के पोस्टर जारी किए। सोशल मीडिया पोस्ट में अक्षय ने लिखा- कर्ता करे न कर सके, शिव करे सो होय...। OMG-2 के लिए आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं की आवश्यकता है। सामाजिक मुद्दे पर चिंतन का यह हमारा ईमानदार और विनम्र प्रयास है। आदियोगी हमें आशीर्वाद दें।

अक्षय कुमार शनिवार सुबह इंदौर पहुंचे। सुबह 9.15 बजे वे चार्टर प्लेन से इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड हुए। जांच के बाद वे सीधे उज्जैन के लिए रवाना हुए। सुबह 10.20 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। अक्षय कुमार केवल एक ही दिन की शूटिंग करने उज्जैन आए हैं। वे रात 11 बजे के पहले ही चार्टर प्लेन से मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे।

प्रवेश रोकने पर पुजारियों की प्रशासन से ठनी

OMG-2 की शूटिंग महाकाल मंदिर में हो रही है। यहां सुबह से ही पुरोहितों और पुजारियों को प्रवेश करने से रोक दिया गया था। बाद में गेट नंबर 4 और 5 से श्रद्धालुओं को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। पुजारियों-पुरोहितों ने मंदिर प्रशासन की इस कार्रवाई को अनुचित बताया। गेट नंबर 4 से शीघ्र दर्शन और अन्य नियमित लोगों के आने की व्यवस्था है। लेकिन, यह गेट थोड़ी-थोड़ी देर में बंद किया जा रहा है।

महाकाल मंदिर में प्रवेश के पहले श्रद्धालुओं को रोका, शूटिंग के पहले प्रशासन-पुजारी भिड़े

मूवी का 17 दिन का शेड्यूल

उज्जैन में फिल्म OMG-2 का 17 दिन का शेड्यूल है। महाकाल मंदिर में फिल्म स्टार अक्षय कुमार पर कुछ शॉट फिल्माए जाएंगे। महाकाल मंदिर, रामघाट, कालभैरव मंदिर सहित अन्य स्थानों पर कहानी के हिसाब से शूटिंग होगी। महाकालेश्वर मंदिर सहित संतों के अलग-अलग अखाड़े और शहर के विभिन्न जगहों पर फिल्म के लिए लोकेशन तलाशी गयी है। OMG-2 (ओह माय गॉड-2) फिल्म की शूटिंग उज्जैन के अलावा इंदौर में भी होगी। उज्जैन और इंदौर में 7 नवम्बर तक शूटिंग होगी।

OMG का सीक्वल है OMG-2

2012 में आयी ओह माय गॉड फिल्म का यह सीक्वल बनने जा रहा है। पहली मूवी को बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल हुई थी। 2012 में आयी OMG फिल्म की कहानी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित थी। जिसमें कई धार्मिक शहरों की मान्यताओं को बताया गया था। फिल्म OMG 2 की कहानी भी यहीं से आगे बढ़ेगी और शहर के धार्मिक स्थानों पर फिल्म की शूटिंग की जाएगी।

Related Topics

Latest News