MP में घरेलू गैस सिलेंडर के रेट एक बार फिर बढे : इन शहरों में सबसे महंगा सिलेंडर, पढ़िए क्या है रेट

 

MP में घरेलू गैस सिलेंडर के रेट एक बार फिर बढे :  इन शहरों में सबसे महंगा सिलेंडर, पढ़िए क्या है रेट

मध्यप्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर के रेट एक बार फिर बढ़ गए हैं। करीब 15 रुपए प्रति सिलेंडर के रेट बढ़े हैं। भोपाल में एक सिलेंडर की कीमत अब 890 की जगह 905 रुपए चुकाना पड़ेगी। इस साल 10 महीने में सिलेंडर 205 रुपए तक महंगा हुआ है, जबकि सिर्फ एक बार ही अप्रैल में 10 रुपए घटाए गए थे। जनवरी में 700 रुपए में सिलेंडर मिल रहा था। ग्वालियर, भिंड-मुरैना में सिलेंडर सबसे महंगा हो गया है। यहां अब एक सिलेंडर 983 रुपए में मिलेगा, हालांकि रेट 15 रुपए से ज्यादा हो भी हो सकते हैं, क्योंकि दूरी के हिसाब से रेट में अंतर आता है। ऐसे में कई जिलों में 20 से 25 रुपए तक रेट हो सकते हैं।

फेस्टिवल सीजन शुरू होने के ठीक पहले यह महंगाई का बड़ा झटका माना जा रहा है। 7 अक्टूबर से त्योहार शुरू हो जाएंगे। दीपावली के बार शुभ मुहूर्त में शादियां भी होंगी। सिलेंडर के रेट बढ़ने से त्योहारों के साथ शादियों पर असर पड़ेगा, क्योंकि पिछले साल दीपावली पर सिलेंडर की कीमत करीब 600 रुपए थी।

कई जिलों में 15 रुपए से ज्यादा हो सकते हैं रेट

आम तौर पर रेट महीने की पहली तारीख को बढ़ते हैं पर 6 अक्टूबर की सुबह अचानक कीमत बढ़ा दी गई। इससे गैस एजेंसी संचालक भी हैरान हैं। इससे पहले 17 अगस्त को भी अचानक कीमत बढ़ा दी गई थीं। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कुछ जिलों में 15 रुपए से ज्यादा की वृद्धि की गई है, क्योंकि दूरी के हिसाब से भी सिलेंडर के रेट कम-ज्यादा होते हैं।

5 बार बढ़े, एक बार घटे रेट

इस साल भोपाल में सिलेंडर के रेट 5 बार बढ़े, लेकिन घटे सिर्फ एक बार। सबसे बड़ा इजाफा फरवरी में 75 रुपए हुआ था। इसके बाद मार्च में 50 रुपए, जुलाई, अगस्त-सितंबर में 25-25 रुपए और अक्टूबर में 15 रुपए बढ़े। वहीं, अप्रैल में 10 रुपए घटाए गए थे। जनवरी, मई और जून में ही सिलेंडर के रेट न तो बढ़े थे और न ही घटे थे। इस हिसाब से 10 महीने में ही सिलेंडर 205 रुपए तक महंगा हुआ है।

दिल्ली-मुंबई से महंगा सिलेंडर भोपाल में

गैस सिलेंडर की कीमत देश की राजधानी दिल्ली और मुंबई से ज्यादा भोपाल में चुकानी पड़ रही है। दिल्ली और मुंबई में एक सिलेंडर की कीमत 899 रुपए हो गई है। वहीं, भोपाल में यह 905 रुपए में मिलेगा।

सिलेंडर को लेकर कांग्रेस कर चुकी प्रदर्शन

रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमत को लेकर कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। पिछले 4 महीने में भोपाल समेत प्रदेश में कई बार प्रदर्शन हो चुके हैं। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी तक भोपाल की सड़कों पर साइकिल चला चुके हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने नारा दिया था 'अबकी बार, चौतरफा महंगाई की मार'।

MP के इन शहरों में सबसे महंगा सिलेंडर

ग्वालियर, भिंड-मुरैना में सिलेंडर 986 की बजाय अब 983 रुपए में मिलेगा।

टीकमगढ़ में 980 रुपए कीमत हुई।

झाबुआ-दतिया में 979 रुपए में सिलेंडर मिलेगा।

शिवपुरी, श्योपुर और रतलाम में 978 रुपए में सिलेंडर मिलेगा।

नीमच में कीमत 976 रुपए हो गई है।

रीवा में अभी सिलेंडर के दाम 911 रुपए है, जो अब 926 रुपए हो गए हैं।

देवास में अब सिलेंडर 959 रुपए में मिलेगा।

Related Topics

Latest News