MP : एक साल पहले की थी लव मैरिज : पति ने तीन तरीके से की पत्नी की हत्या, जानिए क्या थी वजह ..

 

MP : एक साल पहले की थी लव मैरिज : पति ने तीन तरीके से की पत्नी की हत्या, जानिए क्या थी वजह ..

भोपाल के कोलार थाना इलाके से 15 अक्टूबर से लापता बैंक कर्मचारी की बेटी नैना की हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि बुदनी इलाके के एक धार्मिक स्थल पर दर्शन कराने के बहाने वह नैना को स्कूटी से ले गया था। इस दौरान उसने नैना की हत्या कर दी और उसी स्कूटी से वापस भोपाल लौट आया। भोपाल पहुंचते ही स्कूटी को आग से जलाकर घर चला गया।

एक साल पहले की थी लव मैरिज

सीहोर पुलिस के एएसपी समीर यादव ने बताया कि कोलार रोड भोपाल निवासी नैना उर्फ शिखा पासवान (24) पुत्री शारदा पासवान ब्यूटीशियन थी। उसने सालभर पहले नारियलखेड़ा निशातपुरा निवासी खुद को भाजपा पदाधिकारी बताने वाले रजत कैतवार से प्रेम विवाह किया था। एक महीने तक ससुराल में रहने के बाद वह मायके में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि ससुराल से जाने के बाद नैना वापस नहीं लौटना चाहती थी। उसने रजत के खिलाफ भरण-पोषण का केस दर्ज कराया था।

4 दिन पहले लापता हो गई थी

15 अक्टूबर की शाम वह अपनी मां माया से दुर्गा झांकी देखने की बात कहकर घर से निकली थी। वापस नहीं आने पर 16 अक्टूबर को परिजनों ने कोलार थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच सीहोर पुलिस को राष्ट्रीय राजमार्ग-69 पर मिडघाट सेक्शन के पास बुदली के जंगल में अज्ञात युवती का शव बरामद किया था। उसकी पहचान पुलिस ने कोलार निवासी नैना के रूप में की थी। युवती के पिता बैंक में कर्मचारी हैं। लापता होने के बाद से उसका फोन भी बंद था।

तीन तरीके से की गई हत्या

एएसपी समीर यादव ने बताया कि युवती की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर चाकू से हमला किया गया है। इसके साथ ही पत्थर भी मारे गए हैं। वहीं, गला घोंटा गया है। सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या की गई है।

Related Topics

Latest News