MP : डीजल पेट्रोल के बढ़ते दामों पर नहीं पड़ रहा कोई असर : अब बाइक की चाहत थोड़ी कम लोगों में बढ़ रही चार पहिया की चाहत, 2021 में 30 हजार कार की अधिक बिक्री

 

MP : डीजल पेट्रोल के बढ़ते दामों पर नहीं पड़ रहा कोई असर : अब बाइक की चाहत थोड़ी कम लोगों में बढ़ रही चार पहिया की चाहत, 2021 में 30 हजार कार की अधिक बिक्री

ग्वालियर.। डीजल व पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं, इसकेबाद भी लोगों में कार (चार पहिया) की चाहत कम नहीं हुई है। वर्ष 2019, 2020 के मुकाबले इस साल ज्यादा कारें बिकी हैं। 2020 से तुलना करें तो 2021 में 30 हजार कार अधिक बिकी हैं। इस बिक्री से प्रदेश के आटोमोबाइल सेक्टर में बूम दिख रहा है। इससे परिवहन विभाग को भी राजस्व मिल रहा है। ईंधन की बढ़ती कीमतों का चार पहिया की बिक्री पर कोई असर नहीं पड़ा है। प्रदेश के चार महानगरों में कार खरीदने में इंदौर के लोग सबसे आगे हैं। सबसे कम बिक्री जबलपुर में है। भोपाल दूसरे नंबर पर है और ग्वालियर तीसरे पर। परिवहन विभाग आने वाले दिनों में कारों की बिक्री में इजाफे की उम्मीद कर रहा है। दीपावली तक इस सेक्टर में सबसे ज्यादा खरीदारी होनी है। वहीं दूसरी ओर बाइक की चाहत थोड़ी कम हुई है। 2019 व 2020 के मुकाबले में दोपहिया वाहन की खरीदारी कम रही है, लेकिन विभाग उम्मीद कर रहा है कि दोपहिया की खरीदारी का आंकड़ा दीपावली तक बढ़ सकता है।

प्रदेश में 12 दिन में बिकीं तीन हजार कारें

छह अक्टूबर को पितृ पक्ष खत्म हो गए थे। सात अक्टूबर से नवरात्र शुरू हुए थे। एक अक्टूबर से 12 अक्टूबर के बीच चार पहिया वाहनों की अच्छी बिक्री रही है। प्रदेश में 13 हजार 13 चारपहिया वाहनों के पंजीयन हुए हैं। इन 12 दिनों में छह दिन पितृपक्ष के थे और पांच दिन नवरात्र के। 2019 व 2020 के मुकाबले 2021 में अक्टूबर के 12 दिन चार पहिया वाहनों की बिक्री के लिए अच्छे रहे हैं।

12 दिन में 17 हजार 706 दोपहिया वाहन रजिस्टर्ड हुए हैं। दोपहिया वाहनों में 2019 व 2020 के मुकाबले इस साल पांच हजार की गिरावट आई है।

वर्तमान में चार पहिया वाहनों के कुछ माडलों पर लंबी वेटिंग है। लोगों को आसानी से वाहन नहीं मिल पा रहे हैं। दो कंपनियों के माडल छह महीने की वेटिंग के बाद भी नहीं मिल पा रहे हैं।

प्रदेश में कार बिक्री की स्थिति

वर्ष चार पहिया दोपहिया यात्री माल वाहक

2021 103274 686795 8038 20802

2020 72689 758249 14768 22111

2019 97770 950900 25734 35625

( आंकड़ा एक जनवरी से 12 अक्टूबर के बीच का है।)

चार महानगरों में कारों की बिक्री की स्थिति

2021

महानगर कार दोपहिया

इंदौर 24590 51616

भोपाल 18405 37006

ग्वालियर 12028 27928

जबलपुर 8461 31626

2020

महानगर कार दोपहिया

इंदौर 15648 48918

भोपाल 11696 38180

ग्वालियर 10269 28689

जबलपुर 5976 31839

2019

महानगर कार दोपहिया

इंदौर 21800 89416

भोपाल 17059 61184

ग्वालियर 6495 36373

जबलपुर 6967 43377

(यह आंकड़ा 1 जनवरी से 12 अक्टूबर के बीच का है।)

ग्वालियर में ईंधन के दाम

पेट्रोल प्रति लीटर - 112.84 रुपये

डीजल प्रति लीटर - 102.14 रुपये

इनका कहना है

पिछले साल के मुकाबले चारपहिया वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। त्योहार का सीजन चल रहा है। दीपावली तक वाहन बिक्री बढ़ने की संभावना है।

अरविंद सक्सेना, अपर आयुक्त, परिवहन

Related Topics

Latest News