MP : अवैध शराब बेचने के वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के 100 लोगों में चली लाठियां- तलवारें, महिला समेत 6 लोग झड़प में घायल : दोनों पक्षों पर FIR

 
MP : अवैध शराब बेचने के वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के 100 लोगों में चली लाठियां- तलवारें, महिला समेत 6 लोग झड़प में घायल : दोनों पक्षों पर FIR

एक महिला समेत 6 लोग हिंसक झड़प में घायल हो गए। महिला के हाथ में यह चोट आई है। यह झड़प भोपाल शहर के बीचों-बीच कैंची छोला में बुधवार रात दो पक्षों में इलाके में शराब बेचने को लेकर वर्चस्व के लिए हुई। 100 से ज्यादा लोगों के बीच लाठी-डंडे और तलवारें चलीं। पथराव और फायरिंग भी हुई। बताया जाता है कि दोनों गुट अवैध गतिविधियों में अपना वर्चस्व बताते हैं। इसी बात पर उनके बीच झगड़ा हुआ। उधर, सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज किया गया है।

अक्सर होता रहता है विवाद, 100 से ज्यादा हैं झोपड़े
पुलिस के अनुसार, कैंची छोला निवासी 32 साल का विक्की सरदार अपने साथी के साथ देर रात चाय पीकर कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान कैंची छोला में कुचबंदियों के परिवार के लोगों ने उन्हें घेर लिया और झगड़ा करने लगे। उधर, सूचना मिलने पर विक्की की तरफ से भी लोग आ गए। फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। पुलिस के अनुसार, छोला मंदिर के कैंची में विक्की के घर के आसपास कुचबंदिया के करीब 100 झोपड़े हैं। पूर्व में दोनों पक्ष (सरदार-कुचबंदिया) अवैध शराब बेचते थे, जो अब बंद हो चुकी है। इसी को लेकर दोनों अपना प्रभाव बनाने के लिए विवाद करते रहते हैं।

बच्चों के बीच भी झगड़े होते हैं, हाल ही में हुई थी मारपीट दोनों पक्षों के बीच अवैध कारोबार को लेकर हमेशा से विवाद रहता है। इनका झगड़ा इतना बढ़ चुका है कि बच्चे भी आपस में झगड़ा करते हैं। कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था।

दोनों पक्षों पर FIR, कई के सिर, हाथ-पैर में आई चोटें
पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों पर काउंटर केस किया है। पहला मामला कैंची छोला निवासी 32 साल के विक्की सरदार पिता कालू सिंह की शिकायत पर हत्या के प्रयास समेत 6 से अधिक धाराओं में केस किया गया है। इसमें शत्रु कुचबंदिया, सुरेंद्र कुचबंदिया, राहुल कुचबंदिया, दिनेश गुजरिया को आरोपी बनाया गया। लक्की के सिर और सौरभ को सिर के साथ हाथ-पैरों में चोटें आई हैं। विक्की को कंधे में चोट लगी। बंटी सरदार भी घायल हुआ है।

दूसरा मामला कैंची छोला निवासी 21 साल के अजय कुचबंदिया पिता धर्म सिंह की शिकायत पर विक्की सरदार, बंटी सरदार, लक्की सरदार और सौरव पर छह से अधिक धाराओं में दर्ज किया गया है। अजय और उसकी चाची रानी को हाथ में चोट लगी। आरोप है कि विक्की ने पिस्टल से फायर किया और उसके साथियों ने अजय को घर में घुसकर पीटा।

Related Topics

Latest News