MP में आंगनबाड़ी के 1467 कार्यकर्ता व 2026 सहायिकाओं के पद खाली : 30 नवंबर तक खाली पद भरने के निर्देश

 

MP में आंगनबाड़ी के 1467 कार्यकर्ता व 2026 सहायिकाओं के पद खाली : 30 नवंबर तक खाली पद भरने के निर्देश

भोपाल (राज्य ब्यूरो)। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिला कार्यक्रम अधिकारियों को हर हाल में 30 नवंबर तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के खाली पद भरने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में वर्तमान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 1467 और सहायिकाओं के 2026 पद खाली हैं। विभाग का तर्क है कि पद खाली होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्रों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।

विभाग ने जुलाई 2021 में जिला अधिकारियों को खाली पद भरने के निर्देश दिए थे। फिर भी कई जिलों में पद भरने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। इसे देखते हुए विभाग ने दोबारा निर्देश जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में प्रदेश में 97 हजार 135 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। 

इनमें कार्यकर्ता के 95 हजार 668 पद भरे हैं और 1467 पद खाली हैं। ऐसे ही सहायिका के 2026 पद खाली हैं। इनमें से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सबसे अधिक धार में 82, भिंड में 74, खरगोन में 56 पद खाली हैं तो सहायिकाओं के भिंड में 132, बुरहानपुर में 112 और भोपाल एवं झाबुआ में 75-75 पद खाली हैं।

Related Topics

Latest News