MP : मुख्यमंत्री निवास घेरने NSUI कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज : प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी उपस्थित, बैरिकेड्स फेंकने,पत्थर उछालने पर पुलिस गुस्साई : प्रदेश सचिव बेहोश

 

MP : मुख्यमंत्री निवास घेरने NSUI कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज : प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी उपस्थित, बैरिकेड्स फेंकने,पत्थर उछालने पर पुलिस गुस्साई : प्रदेश सचिव बेहोश

मुख्यमंत्री निवास घेरने निकले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) कार्यकर्ताओं की पुलिस से रेडक्रॉस अस्पताल के पास भिड़ंत हो गई। कार्यकर्ताओं ने कई जगह बैरिकेड्स उठाकर फेंक दिए। NSUI कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर उछाल दिया। DIG इरशाद वली माइक से अनाउंस करते रहे कि कोई लाठीचार्ज नहीं करे, लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान NSUI के प्रदेश सचिव अभिमन्यु तिवारी बेहोश हो गए। उनको अस्पताल भेजा गया। NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की लाठी से वे बेहोश हुए हैं।

NSUI कार्यकर्ता शिक्षा बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह के आवास का घेराव करने करने PCC मुख्यालय पर जुटे थे। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक कुणाल चौधरी, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन, NSUI के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी उपस्थित थे।

यहां से कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए निकले। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को घेरने के लिए रेडक्रॉस चौराहे के पास बैरिकेडिंग और वॉटर कैनन तैनात किए थे। यहां पर कलेक्टर अविनाश लवानिया और DIG इरशाद वली मौजूद थे। DIG कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्वक गिरफ्तारी देने की बात कर रहे थे, तभी बैरिकेडिंग के पास पहुंचे कार्यकर्ताओं में से किसी ने पुलिस की तरफ पत्थर उछाल दिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। कई कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी शुरू कर दी।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया: कमलनाथ

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आदिवासी छात्रों की रुकी स्कॉलरशिप जारी करने और रोजगार देने की मांग को लेकर NSUI प्रदर्शन कर रही थी। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हजारों छात्रों पर शिवराज सरकार के इशारे पर पुलिस ने बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस लाठीचार्ज में कई छात्र व NSUI के पदाधिकारी घायल हुए हैं। सरकार छात्रों को रोजगार दे नहीं रही, उनकी मांग मान तो नहीं रही, लेकिन उन पर लाठियां जरूर बरसा रही है। यह सरकार का तानाशाही रवैया है।

कांग्रेस का दावा- 12 से ज्यादा छात्र घायल

युवक कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रदेशाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस के लाठीचार्ज में 12 से ज्यादा छात्र और पदाधिकारी घायल हुए हैं। पुलिस ने 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। इनमें दो विधायक कुणाल चौधरी, विपिन वानखेड़े और NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेशाध्यक्ष भी शामिल हैं। NSUI कार्यकर्ता की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे थे, लेकिन शिवराज सरकार डंडे के बल पर छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया।

Related Topics

Latest News