MP : मंत्री बिसाहूलाल के बयान पर मचा बवाल : राजपूत समाज की महिलाओं के बारे में की अपमानजनक टिप्पणी; बोले, उन्हें बाहर निकालो, तभी आगे बढ़ेंगी महिलाएं

 

    MP : मंत्री बिसाहूलाल के बयान पर मचा बवाल : राजपूत समाज की महिलाओं के बारे में की अपमानजनक टिप्पणी; बोले, उन्हें बाहर निकालो, तभी आगे बढ़ेंगी महिलाएं

शिवराज सरकार के मंत्री बिसाहूलाल सिंह के सवर्ण महिलाओं पर दिए बयान पर बवाल मच गया है। उन्होंने अनूपपुर की सभा में कहा- जितने बड़े-बड़े लोग हैं, ठाकुर-ठकार और दूसरे और बड़े लोग, वो अपने घर की औरतों को कोठरी में बंद करके रखते हैं। उन्हें पकड़-पकड़कर बाहर निकालो, तभी तो महिलाएं आगे बढ़ेंगी। बयान के बाद कांग्रेस के निशाने पर जहां मंत्री सहित पूरी बीजेपी है। कांग्रेस ने कहा- लगता है कि भाजपा ने राजपूत समाज, सिंधी समाज, ब्राह्मण-बनिया समाज के रोज अपमान का काम शुरू कर दिया है। रामेश्वर शर्मा के बाद अब मंत्री बिसाहूलाल सिंह राजपूत समाज की महिलाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं। इसके पहले मुरलीधर राव बनिया व ब्राह्मण समाज का अपमान कर ही चुके हैं।

करणी सेना ने ताे यहां तक चेतावनी दे डाली है कि मंत्री मिले ताे उनका मुंह काला किया जाएगा। खाद्य-आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने आपत्तिजनक बयान अनूपपुर में एक कार्यक्रम के दौरान दिया है। बयान सामने आने के बाद मंत्री का विरोध शुरू हो गया है। कई जगह पर उनके पुतले भी दहन किए गए हैं।

भोपाल में महिलाएं बोलीं- माफी मांगे जाने तक विरोध करेंगे

मंत्री के खिलाफ राजपूत समाज की महिलाओं ने भोपाल में उग्र विरोध प्रदर्शन किया। चार इमली स्थित मंत्री के बंगले पर समाज की महिलाओं समेत सामाजिक संस्थाओं ने सिंह का पुतला जलाया। उन्हें रोकने के लिए भारी पुलिस बल लगाया गया था। राजपूत समाज द्वारा भाजपा संगठन से उनके विरुद्ध अनुशासन की कार्यवाही करने और मंत्री से शीघ्र दिए गए बयान पर माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के माफी मांगे जाने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने की बात कही।

होशंगाबाद में मंत्री का जलाया पुतला, उज्जैन में भी प्रदर्शन

मंत्री के बयान से आक्रोशित करणी सेना ने शुक्रवार को होशंगाबाद के मीनाक्षी चौक पर मंत्री का पुतला दहन किया। करणी सेना के जिला अध्यक्ष विकास पवार ने कहा मंत्री सिंह ने राजपूत समाज की महिलाओं को लेकर दिया बयान शर्मनाक है। मंत्री प्रदेश में जहां भी जाएंगे, करणी सेना उनका मुंह काला कर स्वागत करेगी। मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि मंत्री को बर्खास्त किया जाए। उज्जैन में भी घंटाघर प्रदर्शन हो रहा है। करणी सेना ने चेतावनी दी है कि पूरे प्रदेश में कहीं भी मंत्री दिखाई देंगे तो उनका मुंह काला करेंगे।

यह कहा मंत्री ने...

खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने अपने भाषण में कहा - जितने बड़े-बड़े लोग हैं, ठाकुर-ठकार और दूसरे और बड़े लोग, वो अपने घर की औरतों को कोठरी में बंद करके रखते हैं। बाहर निकलने ही नहीं देते। जितने धान काटने वाले, आंगन लीपने वाले, गोबर फेंकने का काम हमारे गांव की महिलाएं करती हैं। उन्होंने कहा जब महिलाओं और पुरुषों का बराबर अधिकार है, तो दोनों को बराबरी से काम भी करना चाहिए। सब अपने अधिकारों को पहचानो और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करो। बड़े लोगों की महिला बाहर न निकले तो पकड़-पकड़कर उन्हें बाहर निकालो, तभी तो महिलाएं आगे बढ़ेंगी।

Related Topics

Latest News