MP : नदी में डूबी तीन जिंदगियां : 9 लोगों से भरी नाव पलटी, 2 साल का मासूम एक युवक और महिला डूबी

 

MP : नदी में डूबी तीन जिंदगियां : 9 लोगों से भरी नाव पलटी, 2 साल का मासूम एक युवक और महिला डूबी

नर्मदा नदी में नौ लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, 6 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना शनिवार देर शाम की है। रविवार दोपहर गोताखोरों ने तीनों लोगों के शवों को बरामद कर लिया। मरने वालों में एक दो साल का मासूम, उसकी मां और उसका चाचा शामिल है।

रायसेन के उदयपुरा के पास नर्मदा नदी में शनिवार शाम 5 लोगों की क्षमता वाली नाव में 9 लोग बैठकर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान, अधिक वजन होने से नाव में पानी भर गया। इससे नाव पलट गई। नाव में सवार 9 लोगों में से 3 लोग डूब गए थे। इन्हें देर रात तक रेस्क्यू टीम ने नदी में सर्च किया। रात हो जाने के कारण रेस्क्यू बंद कर दिया गया था। रविवार सुबह दोबारा रेस्क्यू चलाया गया। टीम ने रविवार शाम 4:30 बजे डूबे 3 लोगों के शव को घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर बरामद किया।

तीनों के शव मिले

हादसे में देवेंद्र अहिरवार (24) वर्षीय का शव घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर रेस्क्यू टीम को मिला है। इसके अलावा अंगूरी अहिरवार (23) और उसका बेटा देवांश (2) का शव मिला है। थाना प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि तीनों के शव मिल गए हैं। कल वह सभी नाव से नदी पार कर रहे थे। तभी नाव नदी में पलट गई। मौके पर ASP अमृत मीणा, तहसीलदार सहित आला अधिकारी सुबह से नर्मदा घाट पर मौजूद हैं।

ससुराल जा रहे थे

जानकारी के अनुसार एक दिन पहले जो नाव पलटी थी, उसे मृतक देवेंद्र ही चला रहा था। देवेंद्र शनिवार को बांसखेड़ा में अपने ससुराल में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। अंगूरी बाई अपने बेटे के नाव में बैठकर ससुराल नरसिंहपुर जा रही थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related Topics

Latest News