REWA : नईगढ़ी देवलहा प्रपात का मामला : 7 दिन पुराना मिला अज्ञात युवक का शव, 650 फीट की गहरी खाई से डेड बॉडी निकालने में लगे 10 घंटे

 

REWA : नईगढ़ी देवलहा प्रपात का मामला : 7 दिन पुराना मिला अज्ञात युवक का शव, 650 फीट की गहरी खाई से डेड बॉडी निकालने में लगे 10 घंटे

रीवा जिले के नईगढ़ी थाना अंतर्गत देवलहा जलप्रपात से 7 दिन पुरानी अज्ञात युवक की लाश मिली है। पुलिस के मुताबिक शनिवार की शाम चरवाहों ने मवेशी चराते समय प्रपात के नीचे एक शव देखा था। लाश की सूचना चरवाहों ने आसपास के ग्रामीणों को दी। इसके बाद पुलिस को अवगत कराया।

जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सूचना की तस्दीक की लेकिन रात हो गई। ऐसे में रविवार की सुबह 9 बजे से पुलिस ने देवलहा प्रपात से शव को निकालने का प्रयास किया। अंतत: शाम 7 बजे के बाद शव को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नईगढ़ी में रखवा दिया है।

10 घंटे लगा शव निकालने में

नईगढ़ी पुलिस ने बताया कि देवलहा प्रपात से शव निकालने में 10 घंटे की कड़ी मशक्कत लगी है। तकरीब आधा दर्जन लोगों की मदद प्रपात से शव निकालने में ली गई है। चर्चा है कि एक आदमी नीचे गया था। जिसने रस्से की मदद से शव को ऊपर लाने में मदद की। इधर नईगढ़ी पुलिस ने आसपास के थानों को मृतक की फोटो भेजवाई है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों से पुलिस शव की शिनाख्ती के प्रयास कर रही हैं।

एक सप्ताह पुरानी हो सकती है लाश

घटनास्थल का मौका मुआयना करने पहुंचे पुलिस विभाग के जिम्मेदारों का मानना है कि लाश एक सप्ताह से ज्यादा पुरानी हो सकती है। जो कंकाल का रूप ले चुकी है। वहीं सूत्रों का दावा है कि गहरे फाल में लोग फिसल कर या धोखे से भी जा सकते है। वहीं मृतक के शरीर में पहने गए कपड़े व लाश सड़ गई है। ऐसे में साथ ही फिलहाल पुलिस द्वारा शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नईगढ़ी की मर्चुरी में रखवा दिया गया है।

650 फिट गहरा है प्रपात

दावा है कि प्रपात के नीचे उतरना और शव को ऊपर लाना किसी चुनौती से कम नहीं है। जानकारों का कहना है कि देवलहा जलप्रपात तकरीबन 650 फीट नीचे गहरा है। यहां नीचे जाने के लिए जो रास्ता है वह भी सही नहीं है। फिसलन भरे पत्थरों से नीचे उतरने किसी चुनौती से कम नहीं था। फिर भी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जान जोखिम में डालकर मृतक को बाहर निकाला है।

Related Topics

Latest News