REWA : सिविल लाइन में दर्ज हुआ तीसरा मामला : साल भर पहले दोस्त को शिकार बनाकर किया था शुरू, आरोपी से अब फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य रहस्य जुटाने में जुटी पुलिस

 

REWA : सिविल लाइन में दर्ज हुआ तीसरा मामला : साल भर पहले दोस्त को शिकार बनाकर किया था शुरू, आरोपी से अब फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य रहस्य जुटाने में जुटी पुलिस

रीवा। लोगों से करोड़ों रुपए ठगने वाले सेना के जवान को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर एक दिन की रिमांड में ले लिया है। पकड़े गए आरोपी से अब फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य रहस्य जुटाने में लगी है।

लौर थाने में दर्ज हुआ था मामला

आकाश मिश्रा पिता नंदकुमार मिश्रा निवासी घोरहा थाना लौर से आरोपी सेना के जवान पुष्पेन्द्र यादव निवासी घोरहा थाना लौर पर मामला दर्ज हुआ था। उसे कोष्ठा के समीप से गिरफ्तार किया था जिसने कई लोगों को कमीशन देने का झांसा देकर उनसे रुपए लिये थे और करोड़ों की हेराफेरी की थी। पकड़े गए आरोपी को लौर पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उसको आगे की पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड में ले लिया है। उससे फर्जीवाड़े का शिकार हुए अन्य लोगों के संबंध में जानकारियां जुटाई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर है और बड़ी आसानी से वह लोगों को अपना शिकार बना लेता था। उसने सबसे पहले पूणे में अपने दोस्त को ही साल भर पहले शिकार बनाया था जिससे करीब पचास हजार रुपए जमा करवाये थे। इसके बाद उसका नेटवर्क फैलता गया और वह लोगों से एक के बाद एक रुपए जमा करवाने लगा था।

बैंक खातों को पुलिस खंगाल रही

उक्त आरोपी के बैंक खातों को लगातार पुलिस खंगाल रही है। अभी तक उसके खातों से ढाई से तीन करोड़ रुपए के बीच का लेनदेन सामने आया है। हालांकि उसके द्वारा कहीं रुपए निवेश करने की जानकारी नहीं मिली है। वह एक आदमी से रुपए लेकर दूसरे को देता था। हालांकि इसमें आरोपी का क्या फायदा हो रहा था यह बात अभी तक पुलिस के समझ में नहीं आ रहा है। दरअसल आरोपी के ठाठ देखकर लोग उसके झांसे में आ जाते थे और उसके खातें में रुपए डाल देते थे। पुलिस अब उसके हांथों ठगी का शिकार हुए लोगों का पता लगा रही है।

सिविल लाइन में दर्ज हुआ तीसरा मामला

उक्त आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में तीसरा मामला दर्ज हुआ है जिसकी अब यहां की पुलिस जांच करेगी। समान थाने के संजय नगर निवासी पंकज मिश्रा से आरोपी ने 34 लाख रुपए दो माह पूर्व लिये थे जिसे उसने खुर्दबुर्द कर दिया था। पीडि़त को बीस प्रतिशत ब्याज देने का झांसा दिया था जिस पर उन्होंने रुपए निवेश कर दिये लेकिन उसने एक रुपए नहीं दिये। उक्त आरोपी के खिलाफ अब तक तीन मामले अलग-अलग थानों में हो चुके है।

55 लाख की गाड़ी जब्त, सिविल लाइन पुलिस ने की कार्रवाई

सिविल लाइन पुलिस ने बुधवार को सेना के जवान की 55 लाख रुपए की कीमत की लग्जरी गाड़ी को जब्त कर लिया है। इस वाहन में बैठकर वह लौर क्षेत्र में घूमता था जिससे लोग उसके झांसे में आ गए। सिविल लाइन पुलिस ने अपने यहां दर्ज मामले में वाहन को जब्त किया है। अब आगे उक्त वाहन का निर्णय न्यायालय में सुनवाई के बाद ही होगा।

पूछताछ जारी

उसको पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड में लिया गया है जिससे फर्जीवाड़े से जुड़ी जानकारियां ली जा रही है। आरोपी के खातों से ढाई से तीन करोड़ के लेनदेन के तथ्य सामने आये है लेकिन खाते में कैश नहीं है। उसके खिलाफ सिविल लाइन में मामला दर्ज हुआ है।

शिवकुमार वर्मा, एएसपी रीवा

Related Topics

Latest News