REWA : कुएं से अधेड़ का शव बरामद : देर रात कुएं के पास से गुजरते समय धोखे से गिरने की आशंका

 

REWA : कुएं से अधेड़ का शव बरामद : देर रात कुएं के पास से गुजरते समय धोखे से गिरने की आशंका

रीवा जिले के चाकघाट थाना अंतर्गत फरहदी गांव के कुएं से एक अधेड़ का शव बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो सुबह गांव के लोगों ने कुएं में लाश देखने के बाद पुलिस को डायल 100 और थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर शिनाख्त की। फिर पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पीएम के लिए त्योंथर सिविल अस्पताल भेजा गया था। जहां पोस्ट मार्टम के बाद डेड बॉडी परिजनों के सुपुर्द कर दी गई है।

चाकघाट थाना प्रभारी अरविंद राठौर ने बताया कि शनिवार की दोपहर फरहदी गांव के ग्रामीणों ने कुएं में शव मिलने की जानकारी थाने भेजवाई थी। ऐसे में थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। जहां पुलिस ने कुएं से शव को निकलवाते हुए मृतक की शिनाख्त रामआश्रय कोल (55) निवासी फरहदी के रूप में की। गांव वालों का दावा है कि रामआश्रय कोल नशे का आदी था। जिससे कयास लगाए जा रहे है कि देर रात कुएं के पास से गुजरते समय धोखे से गिर गया। जिससे किसी को नहीं पता चला।

30 दिसंबर से लापता था

पुलिस को परिजनों ने बताया है कि रामआश्रय कोल 30 दिसंबर की शाम से लापता था। ऐसे में गांव के आसपास सहित रिश्तेदारों से मोबाइल फोन पर जानकारी लेते हुए तलाश की थी। फिर भी उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। घर वाले कयास लगा रहे थे कि यदि कहीं चले गए होंगे तो एक दो दिन में लौट आएंगे। लेकिन शनिवार की दोपहर कुएं में शव मिला।

Related Topics

Latest News