UP विधानसभा चुनाव 2022 : इस बार 693 प्रत्याशी मैदान में; मंत्री से लेकर बाहुबली की किस्मत दांव पर, 61 सीटों में से 10 हॉट सीटें सबसे ज्यादा चर्चा में

 

UP विधानसभा चुनाव 2022 : इस बार 693 प्रत्याशी मैदान में; मंत्री से लेकर बाहुबली की किस्मत दांव पर, 61 सीटों में से 10 हॉट सीटें सबसे ज्यादा चर्चा में

उत्तर प्रदेश के 12 जिलों की 61 विधानसभा सीटों पर 27 फरवरी को पांचवें चरण में मतदान होना है। इस चरण में ज्यादातर ऐसे जिले शामिल हैं, जो राजनीति के साथ ही धार्मिक लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण हैं। पांचवें चरण में अयोध्या चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, अमेठी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और रायबरेली में वोटिंग है। इस बार 693 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चरण में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, तो वहीं कभी कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले अमेठी में गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी की टक्कर भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह से है। इस चरण की 61 सीटों में से 10 हॉट सीटें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं।

1- जगदीशपुर (एससी)

अमेठी की जगदीशपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश पासी चुनावी मैदान में हैं। सुरेश योगी सरकार में गन्ना विकास राज्यमंत्री हैं। सुरेश के खिलाफ सपा ने विमलेश कुमारी, कांग्रेस ने विजय कुमार और बसपा ने जितेंद्र कुमार को मैदान में उतारा है। 2017 में भी इस सीट से सुरेश ने जीत दर्ज की थी।

2- सिराथू

कौशांबी जिले की सिराथू सीट इस चरण की सबसे हॉट सीटों में से एक है। यहां से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भाजपा की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं। सपा ने मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल को टिकट दिया है। पल्लवी के लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव खुद प्रचार कर रहे हैं। जातिगत समीकरण के हिसाब से सिराथू में पटेल और मुस्लिम वोटर्स की संख्या काफी अधिक है। वहीं, बसपा ने मुस्लिम चेहरे के तौर पर मुनसब अली और कांग्रेस ने सीमा देवी को प्रत्याशी बनाया है। 2017 में यह सीट भाजपा से शीतला प्रसाद ने जीती थी।

3- अयोध्या

इस चुनाव में पूरे देश की नजर रामनगरी अयोध्या पर रहेगी। यहां से भाजपा के वेद प्रकाश मैदान में हैं। सपा गठबंधन ने पूर्व मंत्री तेज नारायण उर्फ पवन पांडेय पर फिर से भरोसा जताया है। बसपा ने रवि प्रकाश और कांग्रेस ने रीता को टिकट दिया है। 2017 में भाजपा ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी।

4- इलाहाबाद पश्चिम

यहां से योगी सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह मैदान में हैं। सिद्धार्थ के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षा ऋचा सिंह मैदान में हैं। बसपा ने गुलाम कादिर और कांग्रेस ने तसलीम उद्दीन को टिकट दिया है।

5- इलाहाबाद दक्षिण

यहां से बीजेपी ने मंत्री नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी को फिर से मैदान में उतारा है। नंदी के खिलाफ सपा ने ब्राह्मण प्रत्याशी रईस चंद्र शुक्ला को टिकट दिया है। बसपा ने देवेंद्र मिश्र नगरहा और कांग्रेस ने अल्पना निषाद को प्रत्याशी बनाया है।

6- कुंडा

यहां से बाहुबली नेता राजा भैया ताल ठोकेंगे। राजा भैया 1993 से लगातार यहां से जीत हासिल करते आए हैं। सपा गठबंधन की तरफ से इस सीट पर गुलशन यादव को प्रत्याशी बनाया है। गुलशन कभी राजा भैया के खास रहे हैं। भाजपा के सिंधुजा मिश्रा और बसपा ने मोहम्मद फहीम को टिकट दिया है। कांग्रेस की तरफ से योगेश कुमार मैदान में हैं।

7- रामपुर खास

प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट भी काफी अहम है। यहां से कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी अराधना मिश्र मोना को टिकट दिया है। मोना ने 2017 में भी इस सीट पर जीत हासिल की थी। मोना के खिलाफ भाजपा ने नागेश प्रताप सिंह उर्फ छोटे सरकार को टिकट दिया है। वहीं, सपा ने इस सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।

8- प्रतापगढ़

यहां से अपना दल (कमेरावादी) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल मैदान में हैं। वह इस बार सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने इस सीट से नीरज त्रिपाठी और बसपा ने आशुतोष त्रिपाठी को टिकट दिया है। बीजेपी की तरफ से राजेंद्र कुमार चुनावी मैदान में हैं।

9- मनकापुर (एससी)

गोंडा जिले में पड़ने वाली इस सीट से भाजपा ने योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री को फिर से मैदान में उतारा है। रमापति योगी सरकार में समाज कल्याण मंत्री है। इनके खिलाफ सपा ने रमेश चंद्र, बसपा ने श्याम नारायण, कांग्रेस ने संतोष कुमारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2017 में यह सीट रमापति शास्त्री ने जीत दर्ज की थी।

10- चित्रकूट

यहां से भाजपा ने योगी सरकार में राज्यमंत्री रहे चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय पर भरोसा जताया है। चंद्रिका के खिलाफ सपा ने अनिल प्रधान, बसपा ने पुष्पेंद्र और कांग्रेस ने निर्मला भारती को टिकट दिया है।

Related Topics

Latest News