Maha Shivratri 2022 : राशि अनुसार ऐसे करें शिव पूजा, समस्त ग्रहों की पीड़ा होगी दूर

 

Maha Shivratri 2022 : राशि अनुसार ऐसे करें शिव पूजा, समस्त ग्रहों की पीड़ा होगी दूर

ग्वालियर। फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी यानी एक मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन पूजा, व्रत, साधना, मंत्रजाप तथा रात्रि जागरण का विशेष महत्व है। साथ ही इस दिन राशि अनुसार शिव पूजा करने का भी विशेष महत्व है। जिससे समस्त ग्रहों की पीड़ा दूर हो जाती है। पाप ग्रहों को अनुकूल बनाने और कमजोर ग्रहों को बलवान बनाने के लिए इस दिन अपनी राशि के अनुसार शिवजी को प्रसन्न करने के उपाय करेंगे तो आपकी सारी मनोकामनाएं पूरी होंगी। आपके दूषित ग्रह भी शुभ होकर अच्छे फल देने लगेंगे। राशि अनुसार शिवजी की पूजा करने के लिए आपके नाम के अनुसार जो राशि बन रही है, उसी के अनुसार आपको उपाय करना चाहिए।

राशि अनुसार ऐसे करें शिव पूजा

मेष: मेष राशि का स्वामी मंगल हैं। महाशिवरात्रि पर लाल चंदन व लाल रंग के पुष्प, आंकड़े का पुष्प यदि भगवान भोलेनाथ को अर्पित करें तो यह बहुत ही पुण्य फलदायी रहता है। यदि पूजा के समय नागेश्वराय नम: मंत्र का जाप करने से लाभ मिलता है।

वृषभ: इस राशि के स्वामी शुक्र माने जाते हैं। सफेद रंग आपके लिए शुभ है। वृषभ जातकों को भगवान शिव की पूजा चमेली के फूलों से करनी चाहिए। साथ ही शिव रुद्राष्टक का पाठ भी करना चाहिए।

मिथुन: मिथुन राशि के स्वामी बुध माने जाते हैं। मिथुन जातक भगवान शिव को तीन बेलपत्र, धतूरा, भांग अर्पित कर सकते हैं। साथ ही पंचाक्षरी मंत्र ओम नम: शिवाय का जाप करना भी आपके लिए लाभकारी रहेगा।

कर्क: कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं, जिन्हें भगवान शिव ने अपनी जटाओं में धारण कर रखा है। कर्क जातकों को शिवलिंग का अभिषेक भांग मिश्रित दूध, चावल व चंदन से करना चाहिए। रूद्रष्टाध्यायी का पाठ आपके कष्टों का हरण करने वाला हो सकता है।

सिंह: सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं। इन जातकों को कनेर के लाल रंग के पुष्प चढ़ाने चाहिए। इसके साथ ही घी का दीपक जलाएं, शिव चालीसा का पाठ करें। यह पूजन आपके लिए अति लाभकारी सिद्ध हो सकती है।

कन्या: कन्या के स्वामी बुध माने जाते हैं। कन्या जातकों को पूजा में बेलपत्र, धतूरा, भांग आदि सामग्री शिवलिंग पर अर्पित करना चाहिए। इसके साथ ही पंचाक्षरी मंत्र का जाप आपकी मनोकामनाओं को पूरी कर सकता है।

तुला: तुला राशि के स्वामी शुक्र माने जाते हैं। माखन मिश्री युक्त दूध से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। साथ ही शिव के सहस्रनामों का जाप करें।

वृश्चिक: वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल हैं। भोलेनाथ की पूजा आपको गुलाब के फूलों व बिल्वपत्र की जड़ से करनी चाहिए। इस दिन रूद्राष्टक का पाठ करने से आपकी राशि के अनुसार सौभाग्यशाली परिणाम मिलने लगते हैं।

धनु: बृहस्पति को धनु राशि का स्वामी माना जाता है। इन्हें पीला रंग प्रिय होता है। शिव की पूजा पीले रंग के फूलों से करनी चाहिए। प्रसाद के रूप में खीर का भोग लगाना चाहिए। आपके लिए शिवाष्टक का पाठ कष्टों का नाश करने वाला है।

मकर: मकर शनि की राशि मानी जाती है। धतूरा, भांग, अष्टगंधा आदि से भगवान शिव की पूजा आपके लिए जीवन में शांति और समृद्धि लाने वाली होगी। साथ ही पार्वतीनाथाय नम: का जाप भी करना चाहिए।

कुंभ: कुंभ राशि के स्वामी भी शनि ही हैं। कुंभ जातकों को गन्ने के रस से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। साथ ही धन लाभ पाने के लिए शिवाष्टक का पाठ आपको करना चाहिए।

मीन: मीन राशि के स्वामी बृहस्पति हैं। मीन जातकों को पंचामृत, दही, दूध एवं पीले रंग के फूल शिवलिंग पर अर्पित करने चाहिए। पंचाक्षरी मंत्र ओम नम: शिवाय का चंदन की माला से 108 बार जाप करना चाहिए।

Related Topics

Latest News