सूरज की तपिश ने बढ़ी मुश्किलें : दिल्ली में तापमान ने 72 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा, 48 घंटे तक लू से नहीं मिलेगी राहत

 

सूरज की तपिश ने बढ़ी मुश्किलें : दिल्ली में तापमान ने 72 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा, 48 घंटे तक लू से नहीं मिलेगी राहत

नई दिल्ली। देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। कई राज्यों में सूरज की तपिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आलम यह है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। कई राज्यों में स्थिति बहुत ज्यादा खराब है। लू के थपेड़ों ने इंसान से लेकर जानकर हर किसी को बेहाल कर दिया है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान ने 72 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है। दरअसल 72 साल में दूसरी बार दिल्ली में अप्रैल का महीना सबसे गर्म रहा है। यानी इस बार गर्मी कई वर्षों बाद अपने चरम पर पहुंच गई है। बता दें कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। वहीं दिल्ली में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है।

दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। गर्मी ने अप्रैल माह में नया रिकॉर्ड बना दिया है। राष्ट्रीय राजधानी में 72 साल में दूसरी बार अप्रैल सबसे गर्म महीना रहा। खास बात यह है कि अभी अगले 48 घंटे तक लू से भी राहत मिलने आसार नहीं है। आईएमडी के मुताबिक दो दिन लू का प्रकोप मुश्किल बढ़ा सकता है।

1951 के बाद दूसरी बार सबसे गर्म रहा अप्रैल

राजधानी दिल्ली में गर्मी ने लगातार मुश्किलें बढ़ रखी है। मार्च के बाद अप्रैल का महीना भी काफी गर्म साबित हुआ। 1951 के बाद से दिल्ली दूसरी बार अप्रैल में सबसे गर्म रही। दिल्ली में 2010 में औसत तापमान 40.40 डिग्री सेल्सियस था। जबकि इस साल यह 40.20 डिग्री सेल्सियस रहा।

2 मई के बाद मिल सकती है राहत

मौसम विभाग ने 1 मई तक दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 2 मई के बाद, आगे बढ़ते पश्चिमी विक्षोभ के साथ पारा गिरने की उम्मीद है, जिसमें बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

12 साल बाद अप्रैल में सबसे ज्यादा तापमान

दिल्ली में गर्मी का आलम यह है कि, 12 साल बाद 29 अप्रैल को महीने में सबसे ज्यादा अधिकतम औसत तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं अक्षरधाम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जो राजधानी में सबसे ज्यादा तापमान रहा। एक दिन पहले ही यहां पर 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। वहीं सफदरजंग में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लू के थपेड़ों से बेहाल दिल्ली

बता दें कि दिल्ली में लगातार भीषण गर्मी से हाल बेहाल हैं। इन दिनों पड़ रहे लू के थपेड़ों ने तो जीना ही मुहाल कर दिया है। आईएमडी की ओर से जारी येलो अलर्ट के मुताबिक फिलहाल दो दिन तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। बता दें कि IMD मौसम की चेतावनियों के लिए चार रंग कोड का उपयोग करता है - ग्रीन (कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), येलो (देखें और अपडेट रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई करें)।

Related Topics

Latest News