रीवा महापौरी चुनाव : BJP से व्यंकटेश पाण्डेय तो कांग्रेस से मंगू सरदार हो सकते है दावेदार, कई लोगों ने पहले से ही भोपाल में जमाया डेरा

 

रीवा महापौरी चुनाव : BJP से व्यंकटेश पाण्डेय तो कांग्रेस से मंगू सरदार हो सकते है दावेदार, कई लोगों ने पहले से ही भोपाल में जमाया डेरा

मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा होते ही रीवा जिले में दावेदार सक्रिय हो गए है। यहां तक की कई लोगों ने पहले से ही भोपाल में डेरा जमा रखा है। खासतौर पर सबकी ​नजर नगर निगम की महापौरी पर है। वर्तमान समय में रीवा नगर निगम पर भाजपा का ही कब्जा था। ऐसे में दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस जिताउ चेहरों पर दांव लगाना चाहते है, जो चुनाव जीत कर पार्टी का परचम लहरा सके। चर्चा है कि दोनों दल पुराने चेहरों के साथ नए उम्मीदवारों को आजमा सकते है।

भाजपा के दावेदार

रीवा नगर निगम के महापौर का पद अनारक्षित है। वैसे भी लंबे समय से रीवा नगर निगम की महापौरी पर भाजपा का ही कब्जा है। ऐसे में भाजपा के अंदर खाने से आ रही खबर के मुताबिक बड़े नेता के खास एवं सीनियर नेता व्यंकटेश पाण्डेय रेस में आगे है। वहीं अन्य दावेदारों में प्रमोद व्यास, नरेन्द्र गुप्ता, कमलेश सचदेवा, विवेक दुबे, संजय द्विवेदी, अरूण तिवारी मुन्नू, प्रज्ञा त्रिपाठी, मनीषा पाठक का नाम शामिल है।

कांग्रेस के दावेदार

विंध्य का रीवा जिला कांग्रेस के लिए सबसे चुनौती पूर्ण है। क्योंकि 2018 के विधानसभा चुनाव में एक भी सीटे नहीं मिली है। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ हर जगह विंध्य पर ही ठीकरा फोड़ते आ रहे है। ऐसे में बड़े नेता के खास गुरमीत सिंह मंगू पर दांव लगाया जा सकता है। वहीं कविता पाण्डेय, अजय मिश्रा बाबा, विनोद तिवारी, राजेन्द्र शर्मा और डॉ. मुजीद खान के नामों पर विचार किया जा सकता है।

किस चरण में कहां होंगे चुनाव

प्रथम चरण: नगर परिषद मऊगंज, नगर परिषद हनुमना और नगर परिषद नईगढ़ी।

द्वितीय चरण: नगर निगम रीवा, नगर परिषद गोविंदगढ़, गुढ़, मनगवां, सिरमौर, बैकुंठपुर, सेमरिया, त्योंथर, चाकघाट और डभौरा।

11 जून से मिलेंगे फार्म

बताया गया कि नगरीय निकायों के निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन 11 जून को सुबह 10.30 बजे होगा। इसी दिन से नाम निर्देशन पत्र भरे जाएंगे। वहीं 18 जून को 1 बजे तक फार्म जमा करने का अंतिम समय होगा। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 20 जून को सुबह 10.30 बजे से की जाएगी। जबकि प्रत्याशियों के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 22 जून को दोपहर 3 बजे तक होगी। चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर प्रतीक चिन्ह 22 जून को नाम वापसी के बाद आवंटित कर दिए जाएंगे।

6 को प्रथम चरण व 13 को द्वितीय चरण का मतदान

प्रथम चरण का मतदान 6 जुलाई को और द्वितीय चरण का मतदान 13 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। प्रथम चरण की मतगणना और परिणाम की घोषणा 17 जुलाई को होगी। जबकि द्वितीय चरण की मतगणना व परिणाम की घोषणा 18 जुलाई को सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगी। उल्लेखनीय है कि नगरीय निकायों के निर्वाचन दलीय आधार पर होंगे। नगर निगम के महापौर, नगर पालिका परिषद एवं नगर परिषद में पार्षद पद का निर्वाचन प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली से ईव्हीएम से कराया जाएगा।

Related Topics

Latest News