MP में भारी बारिश से नर्मदा, ताप्ती, बेतवा, क्षिप्रा सहित कई नदियों ने दिखाया रौद्र रूप, Bhopal-Nagpur highway 11 घंटे रहा बंद

 

MP में भारी बारिश से नर्मदा, ताप्ती, बेतवा, क्षिप्रा सहित कई नदियों ने दिखाया रौद्र रूप, Bhopal-Nagpur highway 11 घंटे रहा बंद

MP WEATHER 2022 : मध्यप्रदेश में हो रही भारी बारिश से नर्मदा, ताप्ती, बेतवा, क्षिप्रा सहित कई नदियां उफान पर हैं। छोटी नदियां और नाले भी चढ़े हुए हैं। नदी के निचले इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। बैतूल के पास सुखतवा नदी की बाढ़ में अस्थाई पुल का कोना बह गया। इस वजह से भोपाल-नागपुर हाईवे 11 घंटे बंद रहा। खंडवा में आबना नदी में उफान आने से किशोर कुमार समाधि स्थल और इंदौर रोड तक पानी आ गया। मौसम को देखते हुए खंडवा प्रशासन ने मंगलवार को स्कूलों में क्लास 1 से 8वीं तक के बच्चों की छुट्‌टी घोषित कर दी।

तवा डैम से छोड़ा जा रहा पानी 32 किलोमीटर आगे नर्मदापुरम शहर के पास बांद्राभान में नर्मदा नदी में मिलता है। इससे हरदा, देवास, सीहोर, खरगोन, बड़वानी के नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा है।

भोपाल में सोमवार शाम दो मासूमों की बारिश के पानी से भरे गड्‌ढे में डूबने से मौत हो गई। मंदसौर में उफनाए नाले को पार करने की कोशिश में बाइक सवार बेटा और मां बह गए। बेटे को वहां मौजूद लोगों ने बचाया। मां का शव मिला। उज्जैन के महिदपुर में बोलेरो बह गई। तीन लोगों को बचाया गया। प्रदेश में अब तक 21% बारिश ज्यादा हो चुकी है। यानी अब तक 12 इंच बारिश होना चाहिए थी, लेकिन 14.52 इंच पानी गिर चुका चुका है।

24 घंटे में कहां-कितनी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान खंडवा में सबसे ज्यादा 3 इंच पानी गिरा। धार, इंदौर, नर्मदापुरम और खरगोन में 2-2 इंच बारिश हुई। उज्जैन में 1.5 इंच, रतलाम और रायसेन में 1-1 इंच, भोपाल, छिंदवाड़ा में आधा-आधा इंच पानी गिरा। पचमढ़ी, बैतूल, मंडला, सिवनी, मलाजखंड, गुना, ग्वालियर और जबलपुर में भी बारिश हुई।

यहाँ अति भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, अशोकनगर, गुना, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, नरसिंहपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, सागर और छतरपुर में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। धार, इंदौर, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, उज्जैन में भारी और निवाड़ी में अति भारी बारिश हो सकती है।

बीते चौबीस घंटों में यह हालत बने

भोपाल के बैरसिया इलाके में सोमवार शाम करीब 5 बजे दो नाबालिगों की घर के पास गड्‌ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि वे खेलते समय उसमें फिसलकर गिर गए। मृतकों की पहचान 13 साल के सेटू जाटिव पिता रामचरण और 12 साल के राजवीर पिता ज्ञानसिंग की मौत हो गई। बारिश के कारण मिट्‌टी फिसलन होने के कारण गड्‌ढे में गिरने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

राजगढ़ में 4 घंटे हुई भारी बारिश ने जिले के संडावता, हराना और भ्याना गांव में हालात बिगाड़ दिए हैं। रात 3 बजे से रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से घरों में पानी भर गया। संडावता सांसद रोडमल नागर का गोद लिया आदर्श गांव है। भ्याना गांव की निचली बस्तियां डूब गईं।

बैतूल, पिपरिया और पचमढ़ी के ऊंचे इलाकों में हो रही भारी बारिश की वजह से तवा डैम के गेट इस सीजन में दूसरी बार खोलना पड़े। रविवार रात में सभी 13 गेट 10-10 फीट तक खोलकर पानी छोड़ा गया। सुबह तक 6 गेट बंद कर दिए गए। अब 7 गेट 10-10 फीट खुले हुए हैं। इससे पहले 15 जुलाई को डैम के 7 गेट, फिर 9 और फिर 11 गेट खोलना पड़े थे। 16 जुलाई को डैम के सभी गेट बंद कर दिए गए थे।

इटारसी शहर में बाढ़ के हालात बना दिए। नाला मोहल्ला और मेहरागांव के घरों में पानी घुस गया है। कई जगह तो पानी 2 से 3 फीट तक भरा है। भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे-69 पर नवनिर्मित सुखतवा पुल का एक हिस्सा बह गया।

मध्यप्रदेश में 1 जून से अब तक बारिश (इंच में)

जिला अब तक बारिश हुई बारिश होनी थी बारिश% में
अनूपपुर 14.29 13.82 103
बालाघाट 19.96 16.93 118
छतरपुर 6.85 10.43 66
छिंदवाड़ा 26.61 13.39 199
दमोह 12.28 13.70 90
डिंडोरी 12.24 15.98 77
जबलपुर 16.06 13.74 117
कटनी 8.54 12.20 70
मंडला 15.35 15.91 97
नरसिंहपुर 14.76 13.19 112
निवाड़ी 6.46 8.70 74
पन्ना 8.03 13.03 62
रीवा 5.39 11.93 45
सागर 16.61 14.13 118
सातना 5.71 12.09 47
सिवनी 21.97 14.88 148
शहडोल 10.91 12.28 89
सीधी 5.16 13.35 39
सिंगरौली 5.91 10.79 55
टीकमगढ़ 5.87 11.34 52
उमरिया 13.15 12.76 103
आगर मालवा 14.41 10.24 141
अलीराजपुर 7.32 10.59 69
अशोकनगर 10.31 10.51 98
बाड़वानी 10.00 8.70 115
बैतूल 11.26 13.15 86
भिंड 3.94 7.20 55
भोपाल 25.20 13.15 192
बुरहानपुर 14.96 9.88 151
दतिया 4.69 8.19 57
देवास 20.16 10.79 187
धार 9.49 10.00 95
गुना 17.36 11.30 154
ग्वालियर 8.62 7.68 112
हरदा 27.48 12.87 213
इंदौर 12.52 10.28 122
झाबुआ 7.83 10.71 73
खंडवा 20.71 10.31 201
खरगोन 10.75 9.41 114
मंदसौर 9.53 9.25 103
मुरैना 7.32 7.20 102
नर्मदापुरम 26.81 15.79 170
नीमच 9.17 8.70 105
रायसेन 18.98 13.19 144
राजगढ़ 17.05 10.43 163
रतलाम 12.05 9.84 122
सीहोर 25.83 12.48 207
शाजापुर 16.61 10.24 162
श्योपुरकलां 11.18 7.95 141
शिवपुरी 9.13 9.53 96
उज्जैन 13.31 10.59 126
विदिशा 21.02 12.87 163

Related Topics

Latest News