MP Big Update : कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व सांसद सुरेश पचौरी व गजेंद्र सिंह समेत अनेक दिग्गज नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

 
DFB

भोपाल। पिछले विधानसभा चुनाव में करारी पराजय से पस्त कांग्रेस पार्टी को भाजपा संभलने का कोई मौका न देते हुए लगातार झटके पर झटके दे रही है। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से जहां कांग्रेस में भगदड़ मची है, वहीं भाजपा बाहें पसारकर कांग्रेस छोड़कर आने वाले नेताओं का स्वागत कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा ने प्रदेश में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका दिया। कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं समेत कुछ अन्य नेताओं ने भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं। इनमें एक नाम केंद्र सरकार में मंत्री रहे और मप्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी का है। दूसरे नेता गजेंद्र सिंह हैं, जो धार से सांसद रहे हैं।

उन्होंने चुनाव के समय टिकट न मिलने पर जताई थी नाराजगी। पार्टी छोड़ने की बात आई थी पर वरिष्ठ नेताओं ने तब मना लिया था। इसके अलावा पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, अर्जुन पलिया, एनएसयूआए के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल शर्मा, भोपाल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहे कैलाश मिश्रा, अर्जुन पलिया, डॉ आलोक चंसोरिया ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद हैं।

आगे-आगे राहुल गांधी, पीछे कांग्रेस साफ हो रही - सीएम मोहन
इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव कांग्रेस में मची भगदड़ को लेकर चुटकी लेने से बाज नहीं आए। उन्होंने कहा कि अब तो आलम यह है कि आगे-आगे राहुल गांधी जा रहे हैं और पीछे से कांग्रेस साफ हो रही है।

कांग्रेस खत्म होने की कगार पर - शिवराज
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश कार्यालय के बाहर मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए और नए राजनीतिक दल बने, लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने सत्ता के स्वार्थ के कारण कांग्रेस को भंग नहीं होने दिया और आंदोलन का लाभ उठाया। अब राहुल गांधी महात्मा गांधी के सुझाव के अनुसार कांग्रेस को पूरी तरह खत्म करके ही चैन की सांस लेंगे। कांग्रेस के सारे अच्छे नेता पार्टी के दिशाहीन नेतृत्व से थक चुके हैं। कांग्रेस खत्म होने की कगार पर है। पूर्व मंत्री संजय पाठक ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व विहीन हो चुकी है। सुरेश पचौरी का भाजपा में आना बड़ा संदेश है।

रामलला प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण ठुकराने से आहत - सुरेश पचौरी
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के आमंत्रण को ठुकराने के निर्णय से आहत था। राम मंदिर का निर्माण हो, इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय पहल हुई थी। मैं उसका साक्षी रहा हूं, पर जिस तरह की राजनीति अब हो रही है, वह स्वीकार्य नहीं है। भाजपा किसी पद की लालसा में नहीं आया हूं।

कांग्रेस डूबती हुई नैया - गिरिराज सिंह
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी और संजय शुक्ला के भाजपा में शामिल होने पर केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब डूबती हुई नैया है और डूबती नैया पर कौन बैठेगा। इसलिए सब भाग रहे हैं। महाराष्ट्र में भी दो बड़े नेता चले गए। हर जगह से भाग रहे हैं। पतवार जिसके हाथ में है, उस पर कांग्रेस के लोगों को भरोसा नहीं है।

सुरेश पचौरी राजनीति के संत - वीडी शर्मा
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि सुरेश पचौरी मध्य प्रदेश में कांग्रेस के राजनीति के संत हैं। ऐसे व्यक्ति का कांग्रेस में स्थान नहीं है, इसलिए उनको लगा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जाकर कुछ काम करने की जरूरत है। आज वे भाजपा में शामिल हो रहे हैं।"

भाजपा का काम पसंद, इसलिए जुड़ रहे - विजयवर्गीय
प्रदेश शासन में मंत्री व भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर निकले हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता समझ रहे हैं कि देश के साथ कोई न्याय कर रहा है तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। बहुत से लोग भाजपा के काम को पसंद कर रहे हैं और वे भाजपा में आ रहे हैं।

शुक्ला बोले- परिवार में लौट आया
भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि वे अपने परिवार में लौट आए हैं। भाजपा मेरा परिवार है। शुक्ला ने कहा कि मुझे उस वक्त बहुत बुरा लगा, जब राम मंदिर का आमंत्रण कांग्रेस ने ठुकराया था। अब मैं भाजपा में रहकर जनता की सेवा करूंगा।

Related Topics

Latest News