Nari Samman Yojana : कांग्रेस की स्कीम में 1500 रुपए हर महीने तो घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलेंगे 500 रुपए

 
image

Nari Samman Yojana  launch : शिवराज सरकार की 1000 रुपए हर महीने देने वाली 'लाडली बहना योजना' के मुकाबले में मंगलवार को कांग्रेस ‘नारी सम्मान योजना’ लॉन्च करेगी। छिंदवाड़ा के परासिया में मुख्य कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से होगा। कांग्रेस की स्कीम में 1500 रुपए हर महीने देने का वादा है। घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा।

‘नारी सम्मान योजना’ के फॉर्म कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश में सरकार बनने के बाद इस योजना का लाभ महिलाओं को मिलने लगेगा। उन्हें न तो कहीं भटकने की जरूरत है, न कतार में लगने की, रजिस्ट्रेशन फॉर्म घर पर ही भरवाकर रसीद दी जाएगी।

कांग्रेस का दावा है कि सरकार आने पर कांग्रेस महिलाओं को सालभर के 18 हजार रुपए (1500 × 12) देगी। सिलेंडर पर सालभर में 7200 (600 × 12) सब्सिडि देगी। इस तरह कांग्रेस महिलाओं को सालभर में 25 हजार रुपए की मदद देगी।

मीडिया का सवाल जवाब

सवाल : क्या कांग्रेस की ‘नारी सम्मान योजना’ भाजपा की ‘लाडली बहना’ की कॉपी है?

कमलनाथ: बिल्कुल नहीं, कांग्रेस ने पहले ही हिमाचल प्रदेश में नारी सम्मान योजना की घोषणा की थी, जिसकी नकल शिवराज सिंह सरकार ने की है। कांग्रेस सिर्फ 500 रुपए ज्यादा नहीं दे रही है, 1500 रुपए तो हम महिलाओं को आर्थिक सहायता दे रहे हैं। गैस सिलेंडर भी 500 रुपए में दे रहे हैं। इसकी 600 रुपए सब्सिडी दी जाएगी। दोनों योजनाओं की तुलना करें तो शिवराज सिंह सिर्फ 12 हजार रुपए साल के देंगे और हम करीब 25 हजार की आर्थिक सहायता देंगे।

सवाल : कांग्रेस को डर था कि शिवराज सरकार की ‘लाडली बहना’ चुनाव हरा देगी, इसीलिए स्कीम लानी पड़ी?

कमलनाथ: शिवराजजी अब तक 22 हजार से अधिक झूठी घोषणा कर चुके हैं। उन्हें खुद नहीं पता कि कौन सी घोषणा अमल में आएगी और कौन सी नहीं। इन्होंने तो 2008 के अपने मेनिफेस्टो में किसानों की 50 हजार रुपए तक की कर्ज माफी का वादा भी किया था, क्या उसे आज तक पूरा किया। हम घोषणावीर नहीं हैं, कर्मवीर हैं।

सवाल : मध्यप्रदेश पर साढ़े तीन लाख करोड़ का कर्ज है, क्या आपको नहीं लगता कि इस तरह की योजनाएं लॉलीपॉप साबित होंगी?

कमलनाथ: यह लॉलीपॉप नहीं है, जरूरत है। महिलाओं को सम्मान से जीने का अधिकार है। यह पैसा जनता के कल्याण में इसका उपयोग होना जरूरी है।

सवाल : सागर में आपके एक नेता ने अभी से कुछ महिलाओं को 1500 रुपए दे दिए हैं, क्या कांग्रेस भी अभी से पैसा देगी?

कमलनाथ: सेवाभाव में कोई ऐसा कर रहा है और बाकी के कांग्रेस विधायक ऐसा करना चाहते हैं तो करें।

सवाल : सिलेंडर की सब्सिडी और 1500 रु. देने के लिए पैसा कहां से लाएंगे?

कमलनाथ: हमने सोच समझकर घोषणा की है। जब पिछली सरकार में हमने किसान कर्ज माफी की थी, तब भी लोग यही पूछ रहे थे कि पैसा कहां से आएगा? हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ कर दिया था। 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली भी दे दी। कन्या विवाह की राशि भी बढ़ाकर 51 हजार कर दी।

Related Topics

Latest News