BHOPAL LIVE : कटारा हिल्स इलाके में सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ी मिली लड़की, बदमाशों ने की रेप करने की कोशिश

 
image

भोपाल के कटारा हिल्स इलाके की नंद विहार कॉलोनी के सामने सड़क किनारे लड़की बेसुध हालत में मिली। पुलिस ने लड़की को एम्स में एडमिट कराया है। एडिशनल डीसीपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि लड़की ने पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में बताया कि दो लड़कों ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया है। रेप से उसने इनकार किया है। सिर्फ छेड़छाड़ की बात सामने आ रही है।

लड़की ने पुलिस को बताया कि वह पार्क सिटी में काम करने जाती है। सोमवार सुबह 10.30 बजे वह वापस घर लौट रही थी, तभी रास्ते में मिले दो लड़के उस पर टूट पड़े। विरोध में वह बेसुध हो गई। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि लड़की की उम्र 18 साल के करीब होगी। पुलिस जांच कर रही है।

महाकाल मंदिर में जयपुर से आई महिला श्रद्धालु की साड़ी में दीपक से लगी आग

image

उज्जैन महाकाल मंदिर में सोमवार को बड़ी घटना घटित हुई। महाकाल मंदिर परिसर स्थित त्रिविष्टश्वर मंदिर में पूजन के दौरान महिला श्रद्धालु की साड़ी में दीपक से आग लग गई। आग की लपटों में घिरी महिला चीखते हुए भागी। मंदिर में मौजूद पुजारियों ने भक्तों और कर्मचारियों की मदद से आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला की पहचान जयपुर निवासी 45 वर्षीय महिला के रूप में हुई। वह परिवार के साथ महाकाल मंदिर दर्शन करने आई थी। पूरी खबर पढ़िए

भोपाल में टेंट हाउस के गोडाउन में भीषण आग

भोपाल में टेंट हाउस के गोडाउन में आज सुबह आग लग गई। घटना अवधपुरी इलाके के टैगोर नगर की है। यहां गोडाउन से सुबह धुआं उठा और थोड़ी ही देर में लपटें उठने लगीं। आसपास का इलाका काले धुएं से घिर गया। स्थानीय लोगों ने अपनी ओर से आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पा लिया गया।

image

सुबह 7 बजे टेंट गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। अवधपुरी, छोला समेत अन्य फायर स्टेशनों से तुरंत दमकलें मौके पर पहुंचीं। आग ने तब तक भीषण रूप ले लिया था। आग की लपटें कई फीट ऊंची उठ रही थीं। करीब डेढ़ घंटे तक आग धधकती रही। आग लगने से टेंट कारोबारी का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

रहवासी इलाके में गोदाम, लोगों ने जताया विरोध
टेंट गोदाम रहवासी इलाके में है। इसमें आग लगने से रहवासियों में भी दहशत फैल गई। उन्होंने गोदाम को लेकर विरोध भी जताया। बताया जाता है कि यह गोदाम अवैध तरीके से बनाया गया है। इसे लेकर भी शिकायत की गई है।

image

मध्यप्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह केरल में अमृतालय अम्मा के आश्रम में दो दिन से रुके हैं। सोमवार को उन्होंने हथिनी 'लक्ष्मी' को अपने हाथों से सेब, केले और तरबूज खिलाए। फल खाकर 'लक्ष्मी' भी खुश हो गई। सीएम ने आश्रम में पौधा रोपा और गोशाला भी देखी। यहां गायों के नाम जानते हुए केले और अन्न खिलाया। रविवार को वे अम्मा का आशीर्वाद लेने आश्रम पहुंचे थे और रात यहीं रुके।

मुख्यमंत्री चौहान दक्षिण भारत के दौरे पर हैं। रविवार को CM ने पत्नी साधना सिंह के साथ हैदराबाद के कान्हा शांति वनम् में सहज योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। फिर वे केरल के त्रिवेंद्रम स्थित मां अमृता आनंदमयी मठ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। CM ने अमृतानंदमयी अम्मा का आशीर्वाद लिया। केरल में ही CM पत्नी के साथ रात रुके थे, जबकि सोमवार सुबह उन्होंने पौधारोपण कर हथिनी और गायों को अपने हाथों से फल खिलाए।

CM ने कहा- अद्भुत आनंद मिला
सीएम ने कहा- आज सुबह अमृतामयी अम्मा के मठ में हथिनी लक्ष्मी को अपने हाथों से अन्न और फल खिलाकर अद्भुत आनंद प्राप्त हुआ। आम का पौधा भी लगाया। वृक्षों के समान ही पूज्य अम्मा का कृतित्व भी सब प्रकार से मनुष्यों का कल्याण करने वाला है।

Related Topics

Latest News