केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया का दिल्ली में हुआ निधन, गुरुवार को ग्वालियर में होगा अंतिम संस्कार

 
image

भोपाल: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया है। वह दिल्ली एम्स में करीब 15 दिनों से अधिक वक्त से भर्ती थीं। उन्हें लंग्स में इंफेक्शन की वजह से भर्ती कराया गया था। गुना लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई थी। इसके बाद उनकी बहू प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया और पोता महाआर्यमन सिंधिया चुनाव प्रचार छोड़कर दिल्ली रवाना हो गए थे। पांच मई को ज्योतिरादित्य सिंधिया खुद भी दिल्ली चले गए थे।

सुबह साढ़े नौ बजे ली अंतिम सांस

खबर के अनुसार माधवी राजे सिंधिया ने दिल्ली एम्स में सुबह साढ़े नौ बजे अंतिम सांस ली है। क्षेत्र में निधन की खबर पहुंचने के बाद मातम की लहर है। ग्वालियर स्थित महल में भी सन्नाटा पसर गया है। अभी ग्वालियर राजघराने की तरफ से कुछ आधिकारिक रूप से जानकारी नहीं दी गई है। कोविड काल में कोरोना होने के बाद उन्हें लंग्स में इंफेक्शन की शिकायत हुई थी।

माधवराव सिंधिया की पत्नी थीं माधवी राजे

माधवी राजे सिंधिया नेपाल राजघराने की बेटी थीं। ग्वालियर के महाराज माधवराव सिंधिया के साथ 8 मई 1966 को उनकी शादी हुई थी। माधव राव सिंधिया का निधन एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हो गई थी। माधवी राजे सिंधिया अधिकांश वक्त दिल्ली में ही रहती थीं। वह सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया से दूर ही रहती थीं। परिवार के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में कभी कभार जरूर देखी जाती थीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहुंची थीं मिलने

एक साल पहले वह अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जरूर मिलने गई थीं। इस मुलाकात के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया और महाआर्यमन सिंधिया भी मौजूद थे। उसके बाद वह ग्वालियर में भी एक दो कार्यक्रम में दिखीं। बीते कुछ महीनों से वह किसी सार्वजनिक जगह पर नहीं दिखी। लंग्स में कोविड के बाद से उनकी परेशानी बढ़ गई थी।

अरबों रुपए का है महल

ग्वालियर आने पर राजमाता माधवी राजे सिंधिया जय विलास पैलेस में रहती थीं। उनका महल अरबों रुपए का है। देश के तमाम बड़े लोग जय विलास पैलेस के मेहमान बन चुके हैं। इसी महल में आज भी सिंधिया परिवार रहता है। वहीं, महल के एक हिस्से में म्यूजियम है, जिसे आमलोगों के लिए खोल दिया गया है।

गुरुवार को ग्वालियर में होगा अंतिम संस्कार

वहीं, सूत्रों के अनुसार खबर मिली है कि राजमाता माधवी राजे सिंधिया का अंतिम संस्कार ग्वालियर में गुरुवार को 11 बजे होगा। इसे लेकर ग्वालियर में तैयारी शुरू हो गई है। उनके पार्थिव शरीर को ग्वालियर लाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ सकती है।

Related Topics

Latest News