Bihar Politics : राजनीति में मचा ‘नया’ घमासान : तेजस्वी यादव पर लगा चोरी करने का आरोप!

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर ‘चोरी’ करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि वह पटना में उप मुख्यमंत्री के सरकारी आवास को खाली करते समय वहां से टोंटियां, एसी और सोफा जैसी कई चीजें अपने साथ लिए चले गए। ये आरोप बिहार के वर्तमान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निजी सचिव शत्रुधन कुमार ने सोमवार को लगाया है। कुमार ने दावा किया कि सरकारी बंगले से एक सोफा, गमले और एसी गायब हैं। इन आरोपों के बाद बिहार की राजनीति फिर से गर्म हो गई है।
Tejashwi Yadav accused of stealing items, including taps, while vacating the Deputy Chief Minister’s official residence in Bihar’s Patna.
— Deepak Kr Pandey (@DeepakKrPa43212) October 7, 2024
While, RJD spokesperson Mrityunjay Tiwari said BJP is suffering from Tejashwi Phobia.#BiharPolitics #TejashwiYadav
बिहार भाजपा के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने भी तेजस्वी के खिलाफ ऐसे ही आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हम आरोप नहीं लगा रहे हैं बल्कि कैमरे पर सबूत दिखा रहे हैं। तेजस्वी यादव को इसका उत्तर देना चाहिए। दानिश इकबाल ने आगे कहा कि अखिलेश यादव ने यूपी में टोटियां गायब कर दी थीं और अब वही काम यहां हो रहा है। तेजस्वी ने रविवार को आवास खाली किया था, जिसके बाद इसे सम्राट चौधरी को अलॉट किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी वह याचिका खारिज कर दी थी जिसमें उन्होंने पटना हाईकोर्ट की ओर से दिए गए आवास खाली करने के आदेश को चुनौती दी थी।
‘तेजस्वी फोबिया से पीड़ित है भाजपा’
वहीं, भाजपा के इन आरोपों को लेकर राजद ने भगवा दल पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि तेजस्वी ने बंगला खाली कर दिया है जो उन्हें उप मुख्यमंत्री रहते हुए मिला था। भाजपा सस्ती राजनीति कर रही है। तिवारी ने कहा कि भाजपा ‘तेजस्वी फोबिया’ का सामना कर रही है। बता दें कि साल 2022 में जब नीतीश कुमार ने एनडीए का साथ छोड़ते हुए महागठबंधन के साथ सरकार बनाई थी तब तेजस्वी को डिप्टी सीएम का पद मिला था। लेकिन नीतीश कुमार के एक बार फिर पाला बदलने के बाद उनसे पद भी छिन गया और बंगला भी।