छतरपुर : 30 साल की बड़ी महिला से युवक को हुआ प्यार : पढ़िए प्यार के परवान चढ़ने की पूरी कहानी

 
IMAGE

छतरपुर के ADM ऑफिस में एक युवक ने आवेदन पेश किया। आवेदन देख सब दंग रह गए। दरअसल, खजुराहो के रहने वाले युवक ने एक मैक्सिकन लड़की के साथ शादी करने के लिए आवेदन दिया था। वह भी अपने से 30 साल बड़ी विदेशी लड़की के साथ। युवक का कहना है कि उसे मैक्सिको की रहने वाली युवती से प्यार हो गया है। परिवार को भी दोनों के रिलेशन के बारे में पता है, इसलिए वह अब उसे अपना जीवनसाथी बनाना चाहता है।

प्यार के परवान चढ़ने की पूरी कहानी समझी।

शेख अमन ने बताया कि कहानी 4 साल पहले शुरू हुई। मैं तब खजुराहो के एक हैंडीक्राफ्ट दुकान में काम करता था। तभी एक विदेशी लड़की दुकान में आती है। हैंडीक्राफ्ट की जानकारी के लिए उसने मुझे बुलाया। उसने अपना नाम मारठा जुलिया बताया। उसे देखते ही एक सकारात्मक सी ऊर्जा मिली। मैंने उसे जानकारी दी। इसके बाद वह चली गई। शाम को घर जाते वक्त वह मुझे दोबारा मार्केट में मिल गई। हमने साथ में चाय पी। तब उसने बताया कि उसे भारत के गांव पसंद हैं। वह गांवों में घूमना चाहती है। बच्चों से मिलना चाहती है। इसके बाद मैंने दुकान से 2-3 दिन की छुट्‌टी ली, फिर मैं उसे गांव घुमाने ले गया। उसने बहुत सारी फोटो क्लिक की। गांव के बच्चों से मिलकर वह बहुत खुश थी। गांव घूमकर उसे बहुत अच्छा लगा। उसने मुझे धन्यवाद बोला।

IMAGE

2 साल पहले परिवार को भी मारठा के बारे में बता दिया

गांव घूमकर हम खजुराहो वापस आए। साथ में खाना खाया। अब हम दोनों में दोस्ती हो गई थी। वह 1 महीने यहां रुकी थी। इस दौरान मैंने उसे खजुराहो, छतरपुर सहित कई सारी जगह घुमाया। मुझे भी अब उसके साथ समय बिताने में अच्छा लगने लगा था। हमने अपना नंबर शेयर किया। एक महीने बाद वह वापस चली गई। अगले साल 2020 में कोरोना आ गया। हर जगह लॉकडाउन लग गया। विदेशी यात्राओं पर भी रोक लग गई।

2021 में लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद वह वापस खजुराहो आई। हम दोनों दोबारा मिले। फोन पर बातचीत होती ही थी। ऐसे हमारी दोस्ती और गहरी होती चली गई। 2 साल पहले मैंने अपने घर वालों को भी मारठा के बारे में बता दिया। अब वह जब भी खजुराहो आती तो मेरे साथ ही रहती थी। वह मेरे घर भी आती थी। उसे मेरा परिवार अपने हाथों से खाना बनाकर खिलाता था।

IMAGE

4 साल की हमारी दोस्ती में वह मुझसे मिलने 3 बार भारत आई थी। इस साल जब वह आई तो मैंने उससे अपने प्यार का इजहार कर दिया। हमने इस दोस्ती को एक नाम देने का सोचा। मैंने पहले अपने परिवार से बात की, पहले तो वे नाराज हुए लेकिन बाद में वे राजी हो गए। मारठा ने भी अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। फिर हमने कोर्ट मैरिज करने का प्लान किया। इसलिए मंगलवार को मैं, मारठा अपने वकील के साथ ADM कार्यालय गया। हमने शादी के लिए अपना आवेदन दिया।

दोनों बहनों की हुई शादी

अमन के पिता ड्राइवर हैं। मां घर में ही रहती हैं। उनकी 2 बहनें भी है। अमन मंझले हैं। बड़ी और छोटी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। अमन ने बताया कि मारठा मैक्सिको में योगा टीचर हैं। शादी के बाद कभी वह मैक्सिको जाएंगे, कभी मारठा भारत आएंगी। अमन अभी व्यवसाय कर रहे हैं।

ऑनलाइन सीखा स्पेनिश बोलना

अमन का कहना है कि उसे 3 भाषाएं आती हैं। हिंदी, इंग्लिश और स्पेनिश। बुंदेलखंडी बोली भी आती है। अमन ने यूट्यूब और किताब से पढ़कर स्पेनिश सीखी थी। मारठा भी स्पेनिश में बात करती है। तो उनसे बात करते हुए अमन की स्पेनिश एकदम साफ हो गई है। अब वह साफ स्पेनिश बोल लेते हैं, इसलिए दोनों को बात करने में भाषा की दिक्कत नहीं आई। इस वजह से दोनों एक-दूसरे की बात को आसानी से समझ सके। हालांकि, मारठा के जिंदगी में आने से पहले ही अमन साफ स्पेनिश बोलते थे।

जांच के बाद करेंगे कार्रवाई- ADM

शेख अमन के वकील नाजिम चौधरी ने बताया कि ADM कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया है। चूंकि, महिला विदेशी है, तो परिजन के अलावा सरकारी रजामंदी भी जरूरी है। शेख अमन और मारठा ने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज भी उपलब्ध कराएं हैं। अब, जैसा फैसला होता है, उस प्रकार कार्रवाई की जाएगी। ADM नमः शिवाय अरजरिया ने बताया कि एक आवेदन आया है। इसमें खजुराहो का रहने वाला युवक विदेश की एक लड़की के साथ शादी करना चाहता है। हम जांच कर रहे हैं। डॉक्यूमेंट की भी जांच करेंगे। इसके बाद फैसला लिया जाएगा कि परमिशन देनी है या नहीं।

आखिर, आवेदन कैसे करते हैं। पूरा प्रोसेस जानने के लिए हमने ADM से भी बात की।

सवाल- पूरे प्रोसेस में कितना समय लगता है।

जवाब- 1 महीने का पहले इश्तेहार होता है। इसके बाद दावा आपत्ति आती है। उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाती है।

सवाल- विदेशी और भारतीय लोगों की आपस में शादी के लिए संविधान क्या कहता है।

जवाब- यह एक निजी फैसला है। संविधान का इस पर किसी तरह का रोक नहीं है। अगर डॉक्यूमेंटेशन सही है, तो शादी करने में कोई आपत्ति नहीं होती।

सवाल- जो आवेदन दिया है, इसकी क्या प्रक्रिया है।

जवाब- विवाह अधिनियम के तहत रजिस्ट्रीकरण होता है, जो रजिस्ट्रीकरण ऑफिसर करता है। युवक और युवती अगर भारतीय शादी के नियमों को पूरा कर लेते हैं, तो वह आवेदन दे सकते हैं।

Related Topics

Latest News