Dewas Shipra Bridge Accident : चौहान ट्रेवल्स की बस पलटने से 3 यात्रियों की मौत, 12 यात्री घायल : इंदौर से देवास जा रही थी बस, देखें नाम

 
IMAGE

Indore bus accident : MP के देवास में शिप्रा नदी के पुल के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां बस पलटने से 3 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 10 से 12 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को देवास अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को इंदौर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक चौहान ट्रेवल्स (Chauhan Travels) की बस करीब 40 सवारियों को लेकर इंदौर से देवास (Indore to Dewas) जा रही थी। यह शिप्रा ब्रिज (Shipra Bridge) के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद आसपास के लोगों ने रेस्क्यू किया। लोगों ने पलटी बस को खड़ा किया। बस के नीचे दो लोग दबे मिले। वहीं बस के अंदर फंसे लोगों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया।

बस में सवार यात्रियों का कहना है कि बस करीब 6 बजे इंदौर से रवाना हुई थी। करीब पौने 7 बजे बस शिप्रा ब्रिज से आगे करीब 500 मीटर दूर स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची ही थी, कि अचानक से एक वाहन आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे तेज रफ्तार बस लहराकर पलटी खा गई।

तेज थी बस की रफ्तार

बस में सवार यात्री ब्रिजेंद्र सिंह साेलंकी ने बताया कि हम गाड़ी से इंदौर से देवास जा रहे थे। बस की गति काफी तेज थी। जैसे ही बस शिप्रा ब्रिज पर पहुंची, अचानक से वह लहराई और पलटी खा गई। इस दौरान कुछ लोग एकत्रित हो गए और बस को उठाने की कोशिश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद बस को सीधा किया गया। बस पूरी भरी थी। करीब 40 लोग सवार थे।

घायल भारत सिंह राठौर ने बताया कि मैं चौहान बस में इंदौर के मधुमिलन चौराहे से बैठा था। पूरी गाड़ी पैक थी। कुछ लोग खड़े हुए थे। ड्राइवर इंदौर से ही बस को काफी तेजी से दौड़ा रहा था। कई बार वह वाहनों को कट मारते हुए पूरी गाड़ी को लहरा रहा था। ब्रिज के पास अचानक बस पलटी खा गई। बस में सवार 12 से 15 लोग घायल हुए हैं।

हादसे में ये लोग हुए घायल

1. शहजादी फारूकी, 2. साइन फारुकी, 3. किशोर पिता निरंजन सिंह, 4. मनोज पिता टांटिया सिंगर, 5. राहुल पिता शंभूलाल धुर्वे, 6. नेहा पति कमलनाथ, 7. कुलदीप पिता दीपक तिवारी, 8. संतोष

मृतक हुए लोग

मृतकों में सेजल (23) पिता अरविंद चौधरी निवासी जेतपुरा, रश्मि (40) पति धर्मेंद्र परिहार निवासी गजरा गियर्स और अरूणा (40) पिता भागवत सिंह कुशवाह निवासी नूतन नगर, बीएनपी रोड देवास शामिल है।

एएसपी ने बताया

एडिशनल एसपी देवास मनजीत सिंह चावला (Additional SP Dewas Manjeet Singh Chawla) का कहना है कि शिप्रा ब्रिज पर हादसा हुआ है। बस एमपी 41 पी 1562 इंदौर से देवास की ओर जा रही थी। घायलों को देवास जिला अस्पताल भिजवाया गया है। हादसे से यातायात बाधित हो रहा था, जिसे तत्काल क्लियर करवाया गया। चश्मदीदों से बात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics

Latest News