REWA : आज शाम से मौसम का यू टर्न होने की संभावना, तेज हवा और गरज के साथ कई जगहों में रिमझिम बारिश जारी

 

REWA : आज शाम से मौसम का यू टर्न होने की संभावना, तेज हवा और गरज के साथ कई जगहों में रिमझिम बारिश जारी

रीवा. मौसम में अचानक आए बदलाव से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। आलम यह है कि इस अचानक हुए बदलाव से सूबे के कई जिलों में कहीं बारिश हो रही है तो कहीं होने के आसार हैं। आसमान बादलों से ढंका है। कहीं-कहीं छिटपुट फुहारें भी पड़ी हैं।

इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस मौसम में ओले भी गिर सकते हैं। तेज हवा और गरज के साथ बिजली भी गिर सकती है। शनिवार शाम तक मौसम साफ हो सकता है। तापमान में मामूली अंतर आ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार मौसम में आई तब्दीली पश्चिमी विक्षोभ के चलते है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो इसके कारण प्रदेश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों में डेढ़ किमी ऊपर चक्रवातीय हवाओं का घेरा बना हुआ है। इसके चलते बादल छाए हैं और कई जगह रिमझिम बारिश हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, होशंगाबाद, रीवा, सागर के अलावा जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए हुए हैं। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बूदांबादी हुई है। जिस तरह से मौसम का मिजाज बना हुआ है उससे आगामी 24 घंटे तक इसी तरह से बादल, बारिश के आसार बने रहेगे, जबकि शनिवार की शाम से मौसम का यू टर्न होने की संभावना जताई जा रही है। जिसके चलते रविवार से मौसम साफ होगा।

बदला हुआ मौसम फसलों के लिये ठीक नही है। किसानों की माने तो सामान्य बारिश से फसलों का ज्यादा नुकसान नही होगा, लेकिन मौसम का मिजाज तेज होता है तो फसलों की बर्बादी तय है। यही वजह है कि किसान मौसम खुलने का इंतजार कर रहे है।

Related Topics

Latest News