REWA : सुगम यातायात को लेकर कवायद शुरू : महानगरों की तर्ज पर होगा रीवा शहर में विकास, मार्तंड स्कूल तिराहा के सिग्नल से कंट्रोल होगा शहर का ट्रैफिक

 

REWA : सुगम यातायात को लेकर कवायद शुरू : महानगरों की तर्ज पर होगा रीवा शहर में विकास, मार्तंड स्कूल तिराहा के सिग्नल से कंट्रोल होगा शहर का ट्रैफिक

रीवा शहर में सुगम यातायात को लेकर कवायद शुरू हो गई है। ट्रैफिक अधिकारियों की मानें तो महानगरों की तर्ज पर रीवा शहर का विकास हो रहा है। ऐसे में शहर के मार्तंड स्कूल तिराहा को अपग्रेट किया जा रहा है। यहां अब ट्रैफिक सिग्नल लगाया जाएगा।

दावा किया कि कलेक्ट्रेट और कॉलेज चौराहा के बीच में स्थित इस तिराहे को सिग्नल लगाने के लिए चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई है। ऐसा प्रयास है कि नया साल शुरू होते ही यहां सिग्नल से ट्रैफिक कंट्रोल होने लगेगा।

बता दें कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को लेकर जिला प्रशासन इन दिनों काफी चिंतित है। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, एसपी नवनीत भसीन और नगर निगम आयुक्त मृणाल मीणा खुद कवायद कर रहे हैं।

शहर के दो क्षेत्रों में ट्रैफिक सुधार को लेकर एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया है। इसी तरह पार्किंग आदि की व्यवस्थाओं को भी ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। मार्तंड स्कूल तिराहा में ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्णय भी लिया जा चुका है।

इन मार्गों में रहता है ट्रैफिक

मार्तंड स्कूल तिराहा में कॉलेज चौराहा और पुराने बस स्टैंड की ओर से आने वाला ट्रैफिक आमने-सामने होता है। यहां जिला न्यायालय और शिल्पी प्लाजा की ओर से आने वाला ट्रैफिक भी रहा है। ऐसे में अक्सर वाहन टकराते हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सिग्नल कारगर साबित हो सकता है।

क्या है मार्तंड स्कूल तिराहा में

बताया गया कि मार्तंड स्कूल तिराहे पर स्कूल क्रमांक-3 का गेट है। साथ ही एक विवाह, पेट्रोल पंप, कलेक्ट्रेट भी कुछ ही दूरी पर है। साथ ही मार्तण्ड स्कूल क्रमांक-एक, गायत्री मंदिर, ब्रम्हकुमारी आश्रम, पुलिस कंट्रोल रूम, महिला थाना, सिविल लाइन थाना, आजाक थाना आसपास ही है।

अभी दो चौराहों में सिग्नल व्यवस्था

शहर के दो चौराहों में अभी सिग्नल व्यवस्था चल रही है। जिसमें कॉलेज चौराहा और सिरमौर चौराहा शामिल है। वहीं ढेकहा तिराहा में भी सिग्नल लगाया गया था, लेकिन निर्माण कार्य की वजह से लंबे समय से सिग्नल बंद है। ऐसे में रोजाना ढेकहा से जाम शुरू होकर पुराने बस स्टैंड तक रहता है।

Related Topics

Latest News