MP : प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर कर दी हत्या, लड़की के परिवार वाले नहीं हो रहें थे राजी

 

MP : प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर कर दी हत्या, लड़की के परिवार वाले नहीं हो रहें थे राजी

ग्वालियर में युवक ने गला घोंटकर अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार वाले राजी नहीं थे। जिसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतका आरोपी के भाई की साली है। घर के पास लगे सीसीटीवी में आरोपी घर में आते-जाते दिख रहा है। फिलहाल आरोपी फरार है।

घटना जनकगंज में बुधवार सुबह हुई। 22 साल की किरण जनकगंज स्थित निंबालकर की गोठ में परिवार के साथ रहती है। किरण की बड़ी बहन का ससुराल पास ही गोल इलाके में है। इस कारण बहन के देवर मुकुल का घर आना-जाना था।

भाभी से भी की थी शादी की बात

मुकुल भाभी की बहन किरण को पसंद करने लगा। वह उससे शादी करना चाहता था। उसने भाभी से भी कई बार किरण से शादी कराने की बात कह कही थी, लेकिन किरण का परिवार तैयार नहीं था। उन्होंने ये कहकर मना कर दिया कि मुकुल कुछ कमाता नहीं है। ये बात उसे नागवार गुजरी।

घर के कमरे में मिला युवती का शव

बुधवार सुबह किरण का परिवार ड्यूटी पर गया था। दोपहर में लौटे तो देखा कि किरण कमरे में मृत पड़ी है। उसके गले में साफी बंधी है, जिससे उसका गला कसा गया है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

CCTV फुटेज में दिखा आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें दिखा कि अलसुबह सवा पांच बजे मुकुल पैदल किरण के घर में दाखिल होता है। उस समय उसके गले में एक साफी थी। करीब 15 मिनट बाद वह बाहर निकलता है। बाहर से दरवाजा की कुंडी लगाता है। लौटते समय उसके गले में साफी नहीं होती है।

सीसीटीवी में दिख रही साफी जैसा कपड़ा ही किरण के गले में मिला। जिसके बाद मुकुल पर पुलिस का शक गहरा गया। जनकगंज पुलिस के अफसरों का कहना है कि फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जांच में जो तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics

Latest News