Weather Update 2022 : MP में ठंड की एंट्री; प्रदेशभर में रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का

MP WEATHER : मध्यप्रदेश में ठंड की एंट्री हो गई है। प्रदेश भर में रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। भोपाल, इंदौर, दमोह और रायसेन में रात का पारा सबसे ज्यादा 4 से 5 डिग्री तक नीचे आ गया। यहां दिन का पारा कई इलाकों में 3 डिग्तरी तक क लुढ़क गया। अचानक तेज हवाएं चलने से मौसम में हल्की ठंडक घुल गई है। अब भोपाल और इंदौर में भी अगले 24 घंटों में दिन में भी ठंड का एहसास होने लगेगा।
मौसम वैज्ञानिक ममता यादव ने बताया कि गुरुवार को तेज हवाएं चलने के कारण कुछ जिलों में दिन का पारा गिर गया। इसके कारण अब रात का तापमान भी नीचे आया है। अगले 48 घंटों में प्रदेश भर में तापमान में गिरावट होने से हल्की ठंडक का एहसास कराने लगेगी। ग्वालियर में ठंड सबसे पहले शुरू हो गई है। इसके बाद भोपाल और इंदौर से लेकर जबलपुर तक मौसम में बदलने लगा। हालांकि नवंबर के अंत तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो सकता है।
मध्यप्रदेश पहली बार अधिकांश इलाकों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस और उससे नीचे आ गया। पचमढ़ी में 7.8 डिग्री सेल्सियस आ गया। इसके अलावा रायसेन में 9 डिग्री सेल्सियस, खजुराहो में 9.8, नौगांव 8.3 डिग्री और उमरिया में 8.8 डिग्री सबसे कम रहा। भोपाल, बैतूल, दतिया, ग्वालियर, राजगढ़ और जबलपुर में 11 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
मौसम वैज्ञानिक की मानें तो तेज हवाओं के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। भोपाल में भी सूखी हवाएं चलेंगी। उत्तरी हवाओं का प्रभाव ज्यादा होगा। हवाओं की गति ज्यादा होने के कारण दिन में पारा लुढ़का है। अगले दो से तीन तक रात का पारा नीचे आ सकता है। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच में रहेगा। पहाड़ी इलाकों में यह 10 डिग्री से नीचे आ जाएगा।
सुबह कोहरा जैसा रहेगा
अब दिन और रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह के समय कोहरा रहेगा। भोपाल और इंदौर में धीरे-धीरे अगले 48 से 72 घंटों में तापमान में गिरावट होगी। नवंबर में लिहाज से अभी सामान्य है। अच्छी ठंड दिसंबर और जनवरी के महीने में रहेगी।
पचमढ़ी में पहली बार अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे 24.6 डिग्री पर आ गया। पिछले साल भी नवंबर में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था। नरसिंहपुर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। छिंदवाड़ा, खजुराहो, सिवनी, सीधी, उमरिया, बैतूल, दतिया, धार, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन और शिवपुरी में दिन का पारा 30 डिग्री से नीचे आ गया।
25 नवंबर से सामान्य होगा तापमान
एक वेस्टर्न डिस्टर्बन्स तैयार हो रहा है। इसके कारण 25 नवंबर से 28 नवंबर तक दिन और रात का तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री तक कम हो सकता है। ऐसे में 18 नवंबर से 25 नवंबर तक एक से लेकर 3 डिग्री तक तापमान में गिरावट हो सकती है।
इंदौर में भोपाल से ज्यादा ठंडक बढ़ी
गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में तापमान नीचे आया, लेकिन भोपाल में आधा डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रही। इससे अधिकतम तापमान 30 के पार निकल गया। इंदौर में दिन भोपाल की अपेक्षा थोड़ा सर्द रहा। तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम 29.5 डिग्री आ गया।
नमी ने सर्दी को आगे धकेला
इस बार मानसून 10 साल में तीसरी बार सबसे लेट हुआ। अक्टूबर के अंत तक दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय रहा। मौसम में नमी रहने के कारण ठंड की एंट्री नहीं हो सकी। नवंबर उतना सर्द नहीं हो सका, जो पहले होता रहा है। अब मौसम शुष्क हुआ है। इसके कारण ठंड की परिस्थितियां बन गई हैं। अभी बहुत ज्यादा ठंडी हवाएं नहीं आ रही हैं, ऐसे में ज्यादा ठंड नहीं हो रही है।
इन इलाकों में रात का पारा सबसे कम रहा
शहर न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
पचमढ़ी 07.8
नौगांव 08.3
उमरिया 08.8
रायसेन 09.0
इन इलाकों में रात का पारा ज्यादा रहा
शहर न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
नर्मदापुरम 14.0
रतलाम 13.6
सागर 13.6
धार 13.5
चार महानगरों की स्थिति
शहर न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
भोपाल 10.6
जबलपुर 10.1
इंदौर 13.5
ग्वालियर 14.4