सिंगरौली : रक्षा मंत्री बोले; कांग्रेस के लोग भारत को बदनाम कर रहें, नफरत फैला रहे तो CM शिवराज बोले कोई भी गरीब घर के बिना नहीं रहेगा

 
image

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नफरत फैला रहे हैं। इनके नेता भारत जोड़ो के नाम पर निकले हैं और नफरत फैलाने में लगे हैं। ये कहते हैं कि 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं' ये मोहब्बत के बारे में क्या जानें? राजनाथ सिंह मध्यप्रदेश के सिंगरौली पहुंचे थे, जहां वे मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र योजना और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में सहायता राशि वितरण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं भारत जोड़ो यात्रा कर रहे उन नेता से पूछना चाहता हूं कि क्या हमारा भारत टूट रहा है? वो किस भारत को जोड़ने के लिए निकले हैं? भारत को टूटना था, वो 1947 में टूट चुका है। भारत माता के दो टुकड़े हो गए। उस समय के नेताओं का मैं दुख समझ सकता हूं। आज राहुल घूम-घूम कर कह रहे हैं कि भारत में नफरत बढ़ गई है। ये नफरत फैला कौन रहा है? इन नेताओं की वजह से दुनिया में भारत की छवि धूमिल हो रही है।

'कांग्रेस के लोग भारत को बदनाम कर रहे'
राजनाथ सिंह ने कहा कि क्या मोदी जी लोगों में नफरत फैला रहे हैं? क्या शिवराज सिंह जी नफरत फैला रहे हैं? मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूं बहनों-भाइयों क्या यह नेता लोगों के बीच में नफरत फैला रहे हैं? कहां उन्होंने नफरत फैलाई। सारी दुनिया में कांग्रेस के लोग भारत को बदनाम कर रहे हैं। उन्हें जवाब दिया जाना चाहिए।

वे कहते हैं कि भारत में नफरत ही नफरत है। जिस भारत की तारीफ सारी दुनिया में है, भारत इकलौता देश है जो अपनी सीमाओं में रहने वालों को ही नहीं, बल्कि विश्व के देशों को अपना मानता है। वसुधैव कुटुंबकम का संदेश पूरी दुनिया को केवल और केवल आपके और हमारे देश भारत ने दिया है। उस भारत को बदनाम किया जा रहा है। कहते हैं भारत में नफरत ही नफरत है।

'सत्ता के लिए जनता का विश्वास जरूरी'
राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल जी आपको हो क्या गया है? नफरत पैदा करके आप सत्ता हासिल करना चाहते हैं, इससे सत्ता नहीं मिलती। सत्ता हासिल करना है तो जनता का विश्वास, उनकी मोहब्बत हासिल करना होगी, जैसे यहां मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह ने किया है। हमारे भारत में किसी भी आधार पर भेदभाव नहीं, भारत में पैदा हुए सभी भाई-बहन हैं। भारत की आजादी के लिए सभी धर्मों के लोगों ने प्राण न्योछावर किए हैं। चंद्रशेखर आजाद से लेकर अश्फाक उल्लाह खां तक सभी ने भारत को आजाद करवाया था।

सेना के शौर्य पर सवाल उठाना ठीक नहीं
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी हमारी सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं। वो लोग हमारी सरकार को कुछ कहे तो ये राजनीति की बात है, लेकिन सेना के शौर्य पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। आज हमारी सेना इतनी ताकतवर है कि कोई हमारे देश की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकता। भारत की सेना किसी भी देश को छेड़ती नहीं है, लेकिन कोई हमें छेड़े तो उसे जवाब देने में भी पीछे नहीं हटेगी। आज हमारी सेना किसी भी देश की सेना की आंखों में आंखे डालकर बात करती है। उन्होंने कहा कि मैं यहां भारत के जवानों का शौर्य बता दूं, तो सबका सीना चौड़ा हो जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय नजरिए से भी भारत की शक्ति बढ़ी है।

केंद्र और एमपी सरकार की तुलना
राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह की सरकार की तुलना की। उन्होंने कहा कि जैसे केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार गरीबों का कल्याण कर रही है। वहीं एमपी में शिवराज सिंह की सरकार गरीबों के लिए काम कर रही है।

भाषण से भ्रष्टाचार कम नहीं होता
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाषण से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होता। इसके लिए सिस्टम में बदलाव करना पड़ेगा। ऐसा करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने व्यवस्था को बदलकर भ्रष्टाचार कम किया है।

गरीबों को खरीद कर दूंगा जमीन- सीएम शिवराज
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसी भी गरीब को घर के बिना नहीं रहने दूंगा। पूरे प्रदेश में जरूरतमंदों को जमीन दूंगा। सरकारी जमीन नहीं होगी, तो मैं खरीद-खरीदकर लोगों को भूमि दूंगा।

कांग्रेस ने अंग्रेजी हमारे सिर पर थोप दी

सीएम शिवराज ने कहा कि अंग्रेजों के राज के बाद कांग्रेस ने अंग्रेजी हमारे ऊपर थोप दी। षड्यंत्र के तहत हमें अंग्रेजी पढ़ने पर मजबूर किया गया। गरीबों के बच्चे भी पढ़कर अच्छी पोस्ट पर जा सके, इसलिए हमने मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में कर दी। इसके साथ ही हम इंजीनियर की पढ़ाई भी हिंदी में करवाएंगे।

कमलनाथ फिर बड़ी-बड़ी बात कर रहे- सीएम

सीएम ने कहा कि आज कल कमलनाथ फिर बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं। किसानों का कर्जा माफ करने की बात कर रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी भत्ता तक नहीं दिया। जब डेढ़ साल के लिए इनकी सरकार आई थी तो इन्होंने कुछ नहीं किया। हमारी सरकार किसानों के खाते में 10 हजार रुपए डाल रही है।

बैगा महिलाओं को महीना 1000 रुपए देंगे

सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हम बैगा आदिवासी महिलाओं को 1000 रुपए महीना सहायता राशि देंगे। इससे उन महिलाओं की जिंदगी भी पटरी पर आ जाएगी।

सिंगरौली को 408 करोड़ रुपए की मिली सौगात
सिंगरौली पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 408 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसमें बहु प्रतीक्षित मेडिकल और माइनिंग कॉलेज और बरगवां में रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शामिल है। रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एनसीएल ग्राउंड बिलौजी में विशाल जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, तकनीकी शिक्षा मंत्री यशोधरा सिंधिया और प्रभारी मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ग्राम गड़हरा में हेलीपैड से उतरे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करीब 1.15 बजे हेलिकॉप्टर के माध्यम से ग्राम गड़हरा में बने हेलीपैड पर उतरे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षा मंत्री सिंह का स्वागत किया। प्रभारी मंत्री जिला सिंगरौली बृजेंद्र प्रताप सिंह, सांसद रीती पाठक, विधायक देवसर सुभाष वर्मा, बीजेपी जिलाध्यक्ष रामसुमिरन शर्मा सहित जनप्रतिनिधि ने केंद्रीय रक्षा मंत्री का स्वागत किया।

25 हजार 500 परिवारों को मिला भू-खंड का अधिकार

सिंगरौली पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मध्यप्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के तहत जिले के 25 हजार 500 हितग्राहियों को निःशुल्क भू-खंड के पट्टे भेंट कर शुभकामनाएं दी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे गरीब भाई-बहन, जिनके पास रहने की जगह नहीं है, उन्हें नि:शुल्क प्लाट उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना में जमीन का पट्टा पति-पत्नी के नाम पर होगा। उन्हें कोई प्रीमियम नहीं देना होगा, जमीन पूरी तरह से नि:शुल्क मिलेगी और भू-खंड के साथ बाकी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।

Related Topics

Latest News