CM की उद्योगपतियों के साथ वन टू वन मीटिंग : प्रदेशभर में रिलायंस शुरू करेगा 5G सुविधा, डालमिया जल्द लगाएगा सीमेंट प्लांट, अदानी ग्रुप करेगा 60 हजार करोड़ का निवेश

 
image

प्रवासी भारतीय सम्मेलन के बाद इंदौर में बुधवार से ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट शुरू हुई। आयोजन शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के बड़े उद्योगपतियों के साथ वन टू वन चर्चा की। सीएम ने कारोबारियों से कहा- स्वच्छता को हमने ब्रांड के रूप में स्थापित किया। इस दौरान रिलायंस की तरफ से कहा गया कि अगले साल तक प्रदेश के सभी शहरों में 5जी सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।

आईटीसी ग्रुप प्रदेश में 300 एफपीओ संचालित कर रहा है। इन्हें बढ़ाकर एक हजार तक करने का लक्ष्य है। इसमें डेढ़ हजार करोड़ का निवेश किया जाएगा। अडानी समूह की योजना प्रदेश में खनिज, ऊर्जा, कृषि, नवकरणीय ऊर्जा और कोयले के क्षेत्र में 60 हजार करोड़ के निवेश की है। मुख्यमंत्री चौहान ने कारोबारियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रदेश की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने डालमिया भारत समूह के पुनीत डालमिया, गोदरेज इण्डस्ट्री के नादिर गोदरेज, अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी, टाटा इंटरनेशनल के नोएल टाटा, आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी, एक्सेंचर की रेखा मेनन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के निखिल आर मेसवानी ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मुलाकात की। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह भी मौजूद रहे।

डालमिया भारत समूह: जल्द लगाएगा सीमेंट प्लांट

डालमिया भारत समूह के पुनीत डालमिया ने प्रदेश में सीमेंट प्लांट लगाने और स्वस्थ कार्बन साइकिल विकसित करने के लिए सहमति दी। डालमिया ने प्रदेश के वेस्ट लैंड पर पौधरोपण को प्रोत्साहित करने का प्रस्ताव रखा।

गोदरेज समूह : एग्रो केमिकल इंडस्ट्री लगाएगा

गोदरेज इण्डस्ट्री के नादिर गोदरेज ने रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश की इच्छा जाहिर की। गोदरेज ने अपने एग्रो केमिकल उद्योग लगाने की योजना के संबंध में भी जानकारी दी। गोदरेज ग्रुप मालनपुर स्थित इकाई का विस्तार कर रहा है। समूह सीएसआर के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में गतिविधियों को बढ़ाएगा।

अडानी समूह: प्रदेश में 60 हजार करोड़ के निवेश की प्लानिंग

अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी ने कहा उनके समूह की प्रदेश में खनिज, ऊर्जा, कृषि, नवकरणीय ऊर्जा और कोयले के क्षेत्र में 60 हजार करोड़ के निवेश की योजना है। सीएम द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने के संबंध में बातचीत के दौरान अडानी ने कहा युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए राज्य में कौशल उन्नयन की गतिविधियां संचालित करेंगे। अडानी ग्रुप का राज्य में अस्पताल स्थापित करने का भी विचार है। सीएम ने प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां लगाने की संभावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया।

टाटा ग्रुप: रिटेल आउटलेट की संख्या बढ़ाएगा

टाटा इंटरनेशनल के नोएल टाटा ने कहा- उनका समूह प्रदेश में गतिविधियों का विस्तार करेगा। प्रदेश में समूह अपने रिटेल आउटलेट जूडियो की संख्या भी बढ़ाएगा। सीएम ने प्रदेश से समूह की निर्यात गतिविधियों को बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

आईटीसी ग्रुप: डेढ़ हजार करोड़ का निवेश

आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी ने कहा- प्रदेश में आईटीसी द्वारा 300 एफपीओ संचालित किए जा रहे हैं। इन्हें बढ़ाकर एक हजार तक करने का लक्ष्य है। इसमें डेढ़ हजार करोड़ का निवेश होगा। आईटीसी समूह प्रदेश में पैकेजिंग और खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने जा रहा है। पैकेजिंग इकाई इस वर्ष के अंत तक शुरू हो जाएगी। समूह सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित कर रहा है। इसके प्रसंस्करण पर आधारित इकाई भी प्रदेश में स्थापित की जाएगी। किसानों को फसल लेने, बिक्री आदि के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए आईटीसी मार्ट का भी विस्तार किया जा रहा है।

एक्सेंचर ग्रुप: पूरे प्रदेश में विस्तार करेंगे

एक्सेंचर ने इंदौर में 6 महीने पहले ही कार्य शुरू किया है, जहां 1400 लोग कार्य कर रहे हैं।
एक्सेंचर ने इंदौर में 6 महीने पहले ही कार्य शुरू किया है, जहां 1400 लोग कार्य कर रहे हैं।

एक्सेंचर की रेखा मेनन ने मध्यप्रदेश की आईटी नीति की सराहना करते हुए कहा- यह नीति आईटी इण्डस्ट्री के लिए बहुत उपयोगी और मित्रवत है। इंदौर में काम करने का उपयुक्त वातावरण है। अत: इंदौर निरंतर आईटी प्रोफेशनल्स का केन्द्र बनता जा रहा है। एक्सेंचर ने इंदौर में 6 महीने पहले ही कार्य शुरू किया है, जहां 1400 लोग कार्य कर रहे हैं। समूह प्रदेश में गतिविधियों का विस्तार करेगा।

रिलायंस ग्रुप: पूरे प्रदेश में 5जी सुविधा का विस्तार करेगा

रिलायंस इंडस्ट्रीज के निखिल आर. मेसवानी ने कहा- इस वर्ष के अंत तक प्रदेश में तहसील स्तर तक 5जी सुविधा उपलब्ध करवाएगा। समूह द्वारा प्रदेश में 175 पेट्रोल पम्प संचालित किए जा रहे हैं। इस संख्या को भी दोगुना किया जाएगा। रिलायंस समूह सौर ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का इच्छुक है। इसके लिए चंबल क्षेत्र में सर्वे व स्टडी की जा रही है। समूह प्रदेश में टेक्सटाइल की संपूर्ण प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना की दिशा में भी निवेश का इच्छुक है।

उर्जा को लेकर 16 हजार करोड़ के दो MOU हुए

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग, ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष गिर्राज दण्डोतिया की उपस्थिति में 16 हजार करोड़ के एमओयू हस्ताक्षरित किए गए। इनमें से एक हजार करोड़ रुपए का MOU आरईसी एवं रम्स के बीच जबकि 15 हजार करोड़ का पीएमसीएल एवं आरईसी के बीच हुआ।

Related Topics

Latest News