सेना जल्द खरीदेगी 250 प्रलय बैलिस्टिक मिसाइल

 
सेना जल्द खरीदेगी 250 प्रलय बैलिस्टिक मिसाइल

भारत रॉकेट फोर्स बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारतीय रक्षा बल 7,500 करोड़ रुपए से अधिक की 250 और प्रलय बैलिस्टिक मिसाइलों की दो यूनिट का ऑर्डर देने के लिए तैयार हैं। पिछले साल दिसंबर में रक्षा मंत्रालय ने वायु सेना के लिए इन मिसाइलों की एक यूनिट को मंजूरी दी थी। इस फैसले को रॉकेट फोर्स बनने की दिशा में उठाया बड़ा कदम माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो इन मिसाइलों की खरीद का प्रस्ताव अंतिम चरण में है। इसे जल्द ही मंजूरी मिल सकती है। 

प्रलय बैलिस्टिक मिसाइलें 150 से 500 किलोमीटर की दूरी तक टारगेट को भेदने में सक्षम हैं। इन्हें इंटरसेप्ट करना बेहद मुश्किल है। इन मिसाइलों की टारगेट रेंज को और कुछ सौ किलोमीटर तक बढ़ाने पर भी काम चल रहा है। गौरतलब है पाकिस्तान और चीन दोनों के पास बैलिस्टिक मिसाइलें है। यह सामरिक रूप से महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं।

प्रलय की बेमिसाल क्षमताए

इस मिसाइल को विकसित करने का काम 2015 में शुरू किया गया था। दिवंगत जनरल बिपिन रावत ने थल सेना अध्यक्ष के रूप में इसे काफी बढ़ावा दिया। इस मिसाइल का 2021 में लगातार दो दिन 21-22 दिसंबर को सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। प्रलय बैलिस्टिक मिसाइल सतह से सतह पर मार करने में सक्षम है। यह हवा में ही अपना रास्ता बदलने की क्षमता रखती है। 

प्रलय सॉलिड रॉकेट मोटर और अन्य नई तकनीकों से संचालित है। मिसाइल गाइडेंस सिस्टम में मॉर्डन नेविगेशन तकनीक शामिल है। इस मिसाइल को सबसे पहले भारतीय वायु सेना में शामिल किया जाएगा। इसके बाद यह इंडियन आर्मी का हिस्सा बनेगी।

Related Topics

Latest News