VVIP के लिए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दो बजे रात लगा दिव्य दरबार, आम लोगों के लिए कार्यक्रम कैंसिल

 
IMAGE

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार VVIP के लिए रविवार रात दो बजे सजा। आम लोगों की दिव्य दरबार में एंट्री नहीं थी। केवल VVIP और खास लोग ही दिव्य दरबार में शामिल हुए। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पंडित धीरेंद्र शास्त्री सोफे पर बैठे हैं। उनके पास ही पर्ची वाली ट्रे रखी है।

धीरेंद्र शास्त्री के इस दिव्य दरबार में कुछ चुनिंदा मंत्री, नेता और कुछ बिजनेसमैन शामिल हुए थे। बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पटना के होटल पनाश में ही रात दो बजे से लेकर साढ़े तीन बजे तक यह दिव्य दरबार लगाया था। उसमें लोगों की पर्ची भी निकाली और भभूति भी बांटी। साथ ही जो समस्या थी उसका भी समाधान बताया।

होटल के 8वें तल्ले पर लगा दरबार

होटल पनाश के आठवें तल्ले पर रात को दो बजे से साढ़े तीन बजे तक दरबार लगाया गया। जहां शहर के कई बड़े अधिकारी और जज पहुंचे थे। लगभग 200 की संख्या में VVIP यहां पहुंचे थे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक-एक से मुलाकात की । विभूति देकर कहा कि जब आप इसे लगाएं तो लहसुन-प्याज, मांसाहार का सेवन न करें। इससे भगवान नाराज होते हैं। साथ ही सभी मिलने वाले VIP श्रद्धालुओं से बागेश्वर धाम आने को कहा।

आम लोगों के लिए कैंसिल है दिव्य दरबार

इधर लोगों की भीड़ को देखते हुए आज आम लोगों के लिए लगने वाला दिव्य दरबार कैंसिल कर दिया गया है। कल के कथा के दौरान गर्मी के कारण 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद दिव्य दरबार कैंसिल कर दिया गया। दिव्य दरबार को लेकर आज धीरेंद्र शास्त्री प्रेस कॉन्फेंस करेंगे। हालांकि कथा 17 मई तक चलती रहेगी।

धीरेंद्र शास्त्री ने दूसरे दिन की कथा में कहा कि कल दिव्य दरबार है। कोई अनहोनी न हो जाए, इसकी मुझे शंका है। भीड़ और गर्मी ज्यादा है। इसे देखते हुए दिव्य दरबार को विराम देना पड़ेगा। अगली बार जब आएंगे तो दिव्य दरबार लगाएंगे। उन्होंने कहा कि जो जहां हैं वहीं रहे। घर पर ही टीवी, यूट्यूब के माध्यम से कथा का श्रवण करें। कथा सबके कल्याण के लिए है।

इधर, देर रात बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर ने धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की। दिव्य दरबार पर उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन और आयोजकों में कोआर्डिनेशन सही से हो जाएगा तो फिर से दिव्य दरबार आयोजन की घोषणा हो सकती है।

Related Topics

Latest News