MP UPDATE : जाने कहाँ क्या हुआ; सागर में युवक ने लड़की को गोली मारकर खुद को भी मार ली गोली

 

MP UPDATE : जाने कहाँ क्या हुआ; सागर में युवक ने लड़की को गोली मारकर खुद को भी मार ली गोली

सागर में युवक ने लड़की को गोली मारकर खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौत हो गई। लड़की गंभीर रूप से घायल है। घटना खिमलासा थाना इलाके के इनायतपुर गांव की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक लड़की से एकतरफा प्यार करता था।

सागर में बारातियों से भरी बस पलटी, 12 से ज्यादा घायल

सागर में सोमवार को बारातियों से भरी बस खाई में गिर गई। हादसे में 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बारात भूसे गांव से खैरी गई थी। हादसा लौटते वक्त हुआ। राहतगढ़-खुरई मार्ग पर बरोदिया नौनागिर के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और खाई में गिर गई। खुरई देहात थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बारात में शामिल शिवराज ने बताया कि बस में करीब 30 लोग सवार थे। बस में आगे की ओर बैठे बाराती घायल हुए हैं। घायलों में करीब 10 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।

खरगोन में कर्फ्यू में 2 घंटे की ढील, दंगे के दिन से गुम युवक की मौत

सुबह 8 से 12 तक कर्फ्यू में ढील निरस्त करने के बाद खरगोन प्रशासन ने दोपहर 12 से दोपहर 2 बजे तक की छूट दी थी। यह छूट सिर्फ किराना, मेडिकल और दूध के लिए दी गई। महिलाएं और पुरुष दोनों खरीदारी करने निकले थे। इसके अलावा सोमवार को होने वाली शांति समिति की बैठक निरस्त कर दी गई। दंगे के दिन से गुम इबरेश (28) पिता सद्दाम खान की मौत हो गई है। शिनाख्त नहीं होने के कारण उसका शव पुलिस ने इंदौर में रखवाया था। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई इसके बाद उसकी पहचान हो सकी। सोमवार को इबरेश का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बताया गया कि शहर में एक और थाने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। तीन पुलिस चौकियां भी बनाई जाएंगी। जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल सोमवार और मंगलवार को खरगोन शहर के भ्रमण पर रहेंगे। मंत्री शाम 5 बजे खरगोन पहुंचकर कानून व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में चर्चा करेंगे।

10 अप्रैल से लगा है कर्फ्यू : खरगोन शहर में 10 अप्रैल को कर्फ्यू लगाया गया था। 14 अप्रैल को पहली बार सिर्फ महिलाओं को सुबह 10 से दोपहर 12 और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक बिना वाहन के छूट दी गई थी। इसके अगले दिन 15 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक महिला और पुरुष दोनों को बिना वाहन के घरों से निकलने की छूट मिली थी। शनिवार को तीसरे दिन 2-2 घंटे की फिर छूट रही। रविवार को 4 और 2 घंटे की छूट रही।

Related Topics

Latest News