मनगवां अग्निकांड निकला सुसाइड केस : पति की प्रताड़ना से तंग आकर माँ ने बेटे संग दी जान, ससुराल वालों ने रच डाली मनगढ़ंत  कहानी

 
image

रीवा में तीन दिन पहले मां और उसके एक साल के बेटे की किचन में जलने से मौत हो गई थी। अफवाह उड़ी कि सिलेंडर फटने से ये हादसा हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची तो सिलेंडर सेफ मिला। आशंका जताई गई कि गैस चूल्हे के पाइप में लीकेज से आग लगी। लेकिन ऐसा भी नहीं था। ससुराल वालों के शुरुआती बयानों से सामने आया कि घर पर खाना ज्यादातर चूल्हे पर ही बनता था। सिलेंडर तो इमरजेंसी के लिए था।

ससुराल वालों ने सुसाइड केस को हादसा साबित करने की पूरी कोशिश की। कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। काफी हद तक वे इसे हादसा साबित कर भी चुके थे, लेकिन पुलिस शुरुआत से ही मामला संदिग्ध मानकर चल रही थी। वजह थी- महिला घटना के एक दिन पहले ही ससुराल आई थी। खाना बनाते वक्त किचन के दोनों गेट बंद थे। पुलिस ने ये बात ससुराल वालों से पूछी भी थी कि गेट बंद कर कौन खाना बनाता है। जांच आगे बढ़ी, बयानों में विरोधाभास सामने आया, तो सारा सच सामने आ गया।

जानिए मामला

घटना 16 जनवरी की दोपहर की है। रीवा के मनगवां बस्ती में अंजना वर्मा (25) और उसके बेटे अर्पित (1) के अधजले शव मलबे से निकाले गए थे। कच्चे घर में आग लगी थी। छप्पर नीचे आ गिरा था। कहा गया कि खाना बनाते समय आग लगी। आग लगने से दोनों की मौत हो गई। शुरुआत में गैस सिलेंडर फटने की अफवाह उड़ी। पुलिस पहुंची तो ससुराल वालों की ओर से बताया गया कि महिला घर के जिस कमरे में खाना बना रही थी, उसके दोनों दरवाजे बंद थे। इससे मां-बेटा कमरे के अंदर फंस गए। आग की लपटें तेजी से उठीं और कच्चे घर के छप्पर में आग फैल गई। लपटों की चपेट में मां-बेटे आ गए।

कैसे पकड़ाया झूठ?
पुलिस को ससुराल वालों की बताई कहानी हजम नहीं हुई। ऐसे में मनगवां थाना पुलिस ने अंजना के पति अमित वर्मा (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी पटेल ने बताया कि सास और ससुर के भी अलग-अलग बयान लिए। तब पता चला कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर अंजना ने अपने बच्चे के साथ सुसाइड किया है। इसके बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे सेंट्रल जेल रीवा भेज दिया।

image

मां ने बेटे संग किया था सुसाइड:

सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट के प्रभारी डॉ. आरपी शुक्ला ने बताया कि जांच में मामला सुसाइड ही समझ आ रहा था। परिजन हादसे का रूप दे रहे थे। ऐसे में तहसीलदार के सामने मेडिकल कॉलेज में शवों का पोस्टमॉर्टम हुआ। आग से जलकर मौत की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मायके पक्ष के भी बयान लिए तो दहेज को लेकर प्रताड़ित करने की बात सामने आई।

6 साल पहले हुई थी शादी
अंजना का मायका सीधी में है। मायके वालों ने बताया कि 6 साल पहले 19 अप्रैल 2016 को बेटी की शादी अमित वर्मा से की थी। पति उसे दहेज के लिए परेशान करता था। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ 498 ए, 304 बी और 3/4 में केस दर्ज किया है।

पति नागपुर, तो पत्नी रहती थी मायके में
पुलिस का कहना है कि आरोपी पति पिछले कुछ साल से नागपुर में रहता था। महिला अपने बच्चे के साथ सीधी स्थित मायके में रह रही थी। दोनों के बीच रिश्ते सही नहीं थे। जब भी साथ रहते, तब-तब विवाद की स्थितियां बनती थीं। हाल ही में पति नागपुर से लौटा था। घटना के एक दिन पहले ही पत्नी को मायके से लेकर आया था। दूसरे दिन पत्नी सुसाइड कर ली।

Related Topics

Latest News