REWA : दामोदरगढ़ पहाड़ का मामला : खोपड़ी सहित शरीर के अन्य अवशेष बरामद, ससुराल पक्ष के आधा दर्जन संदेहियों को उठाया

 
image

REWA NEWS : रीवा जिले के मऊगंज थाना अंतर्गत दामोदरगढ़ के पहाड़ में रविवार को मिले नर कंकाल के खुलासे तक पुलिस पहुंच गई है। दावा है कि सोमवार को सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट ने खोपड़ी सहित शरीर के अन्य अवशेष बरामद कर ली है। वहीं दूसरी तरफ मऊगंज पुलिस ने ससुराल पक्ष के आधा दर्जन संदेहियों को उठाया है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन मंगलवार को पूछताछ करने के लिए घटनास्थल पर जाएंगे।

जहां पूरी वारदात का क्राइम सीन क्रिएट कराया जाएगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह छेड़खानी सामने आई है। जिससे ससुराल से जुड़े लोगों पर शक की सुई घूम रही हैं। हालांकि एक यह भी चर्चा है कि नशा करते समय गलती से कुछ लग गया। ऐसे में धोखे से युवक की मौत हो गई। हादसे को छिपाने के लिए ससुराल पक्ष के लोग युवक की लाश को पहाड़ में छिपा दिए। जिससे तीन महीने बाद शव कंकाल बन गया।

3 माह पहले लापता

मऊगंज SDOP नवीन तिवारी ने बताया कि मृतक रामसुहावन गोड़ 30 वर्ष हनुमना क्षेत्र के जड़कुड़ गांव का रहने वाला है। वह एक वर्ष से अपनी ससुराल दामोदरगढ़ गांव थाना मऊगंज में रह रहा था। जो संदिग्ध कारणों से अचानक 3 माह पहले लापता हो गया। सुसराल पक्ष बताए कि अपने गांव चला गया है। जबकि वह अपने घर पहुंचा ही नहीं था।

बहन अपने भाई को खोजते हुए उसकी ससुराल पहुंची

अनहोनी के डर से बहन अपने भाई को खोजते हुए उसकी ससुराल पहुंची। जहां कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिए। बल्कि भाभी भी पूरे मामले में पर्दा डालती रही। ऐसे में वह गांव वालों से जानकारी जुटाई। घर लौटते समय 500 मीटर दूर पहाड़ में एक राखी और माला मिला। जिसको उसने पहचान लिया। पहाड़ के अंदर कई संदिग्ध हड्डियां मिली। जिससे शंका हुई तो पुलिस को खबर दे दी। पुलिसने घटनास्थल की जांच में पैर की हड्डियां पाई। हालांकि शरीर के अन्य हिस्सों की हड्डियां गायब मिली।

राखी से मृतक की शिनाख्त

ऐसे में दूसरे दिन फिर एफएसएल टीम पहुंची। पुलिस ने बहन के बयान पर राखी से मृतक की शिनाख्त रामसुहावन गोड़ के रूप में की। सोमवार को डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। पहाड़ी की सर्चिंग में मृतक की खोपड़ी, दोनों जबड़े सहित शरीर के कई अन्य अंगों की हड्डियों के अलावा पैंट-शर्ट, चप्पल और एक लॉकेट पत्थरों के नीचे दबी मिली है। पुलिस का दावा है कि वारदात में आधा दर्जन आरोपी हैं। जिन्हें पकड़ने के लिए टीम भेजी गई है।

Related Topics

Latest News