एक्शन में रीवा महापौर : अवैध वसूली करने वाले दो कर्मचारियों की सेवा समाप्त, बाजार बैठकी में भी अवैध वसूली की शिकायतें

 
image

REWA NEWS : शहर में इनदिनों भूमि और भवन सहित अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन करने के लिए जीआईएस सर्वे (GIS survey) किया जा रहा है। यह कार्य हरियाणा (haryana) की एक कंपनी कर रही है। कंपनी के कर्मचारियों द्वारा शहर में अवैध रूप से कमीशन की लोगों से डिमांड की जा रही है कि रुपए देंगे तो वह संपत्ति का क्षेत्रफल सर्वे में कम बताएंगे जिससे टैक्स जमा करने के दौरान राहत मिलेगी। यह कार्य बीते कई महीने से लगातार चल रहा था।

शिकायतें भी लोगों द्वारा की जा रही थी लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं दिया जा रहा था। गत दिवस वार्ड 41 के एक भवन स्वामी ने महापौर अजय मिश्रा बाबा (Mayor Ajay Mishra Baba) को इसकी शिकायत की थी। जिस पर महापौर ने संबंधित कंपनी के कर्मचारियों का वीडियो बनाने के लिए कहा था।

भवन स्वामी ने अवैध वसूली की डिमांड से जुड़ा आडियो और वीडियो बनाकर महापौर को उपलब्ध कराया। जिस पर कंपनी के कर्मचारी तलब किए गए। जिन कर्मचारियों ने कमीशन की मांग की थी उनकी सेवाएं समाप्त करने कंपनी से कहा गया है। साथ ही कंपनी से जवाब मांगा गया है कि वह स्पष्ट करे कि जीआईएस सर्वे का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। नगर निगम ने शहर में जीआईएस सर्वे के लिए 18 जनवरी 2022 को हरियाणा गुडग़ांव की कंपनी नियो-जियो इंफ्रॉ को कार्यादेश दिया था। कंपनी द्वारा शहर के सभी वार्डों में अपने कर्मचारी रखे गए हैं। कंपनी द्वारा रखे गए दो कर्मचारी शुभम मिश्रा व योगेश त्रिपाठी वार्ड 41 में भवन स्वामी से संपत्ति की लंबाई-चौड़ाई घटाने के नाम पर रुपयों की मांग की थी।

कंपनी के अधिकारी महापौर से झूठ बोलते रहे
सर्वे के नाम पर रुपए मांगने का वीडियो महापौर अजय मिश्रा के पास पहुंचा तो उन्होंने कंपनी के अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को बुलाकर उनका पक्ष सुना। महापौर के सामने कंपनी प्रबंधन से जुड़े लोग आरोपों को सिरे से नकारते रहे। जब सबूत उनके सामने पेश किया गया तो  अपनी गलती को कर्मचारियों ने स्वीकार किया। महापौर ने  कंपनी के इंचार्ज को फटकार लगाई और तत्काल दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के आदेश दिए। साथ ही कहा है कि इस मामले में कंपनी की ओर से आधिकारिक अभिमत भी प्रस्तुत करें।

बाजार बैठकी में भी अवैध वसूली की शिकायतें
शहर में बाजार बैठकी और टैम्पो-टैक्सी शुल्क की वसूली के नाम पर भी मनमानी किए जाने और अनाधिकृत रूप से अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस मामले में महापौर अजय मिश्रा ने कहा है कि जहां पर भी अतिरिक्त वसूली की बात सामने आए संबंधित की वीडियो बनाएं और तथ्यों के साथ शिकायतें करें, सख्त कार्रवाई होगी।

Related Topics

Latest News