Rewa से हज करने गए सभी 44 लोग यात्रा पूरी कर सुरक्षित घर वापस लौटे, वतन वापसी पर स्वागत कार्यक्रम
Jul 28, 2024, 19:41 IST

रीवा से हज करने गए सभी 44 लोग यात्रा पूरी कर सुरक्षित घर वापस लौट आए हैं। जिनके स्वागत में रविवार को हज कमेटी रीवा ने स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया। केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री किरन रिजिजू के मुताबिक 21 जुलाई 2024 तक हज यात्रा-2024 के दौरान 201 भारतीय हज यात्रियों की मौत हुई है। उनमें से अधिक मौतें सांस संबंधी कारणों और दिल का दौरा पड़ने से हुईं। 70 फीसदी से अधिक मौत के मामले 60 वर्ष से अधिक उम्र के तीर्थयात्रियों के हैं।
रीवा में हज कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष रफत वारसी ने बताया कि हज यात्रा को इस्लाम धर्म में बेहद पवित्र माना जाता है। हर मुस्लिम को अपने जीवन में एक बार हज पर जाना जरूरी माना गया है।
रफत वारसी ने बताया कि इस्लाम में कुल 5 फर्ज हैं जिनमें से हज प्रमुख है। हर साल बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्म के मानने वाले सऊदी अरब के मक्का में हज के लिए पहुंचते हैं। इस बार रीवा से महिला और पुरुष मिलाकर कुल 44 लोग हज पर गए थे। इन सभी हाजियों की वतन वापसी हुई है और सभी हाजी मुंबई से रीवा अपने घर आ चुके हैं। इसी खुशी में हज कमेटी ने हज पर गए हाजियों के स्वागत का प्रोग्राम रखा है। कार्यक्रम में सभी हाजियों का माला पहनाकर हज कर वापस घर लौटने पर मुबारकबाद दी गई।