रीवा में शादी घरों पर निगम की सर्जिकल स्ट्राइक! आयुक्त ने मारा छापा, खामियां मिलने पर जताई सख्त नाराज़गी — लाइसेंस रद्द और जुर्माने की दी चेतावनी

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा। शहर में शादियों का सीजन अपने चरम पर है, लेकिन इसी बीच रीवा नगर निगम ने विवाह घर संचालकों की लापरवाही पर बड़ा एक्शन लिया है। बुधवार देर शाम नगर निगम आयुक्त मनीष श्रीवास्तव ने अचानक शहर के कई मैरिज गार्डनों और लॉन का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह गंदगी, अग्निशमन उपकरणों की कमी, अव्यवस्थित पार्किंग और बिना अनुमति के संचालित शादी घरों की पोल खुल गई।
कार्रवाई के दौरान क्या-क्या मिला:
निरीक्षण के दौरान कई शादी घरों में फायर सेफ्टी के प्रबंध नदारद मिले। कुछ जगहों पर कचरे का अंबार और गंदगी फैली मिली। वहीं, पार्किंग व्यवस्था भी अस्त-व्यस्त पाई गई। निगम आयुक्त ने मौके पर ही जिम्मेदारों को फटकार लगाई और सख्त हिदायत दी कि अगर अगली बार इसी तरह की लापरवाही मिली, तो लाइसेंस तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा और भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।
नगर निगम की सख्ती से हड़कंप:
इस कार्रवाई के बाद शहर के सभी मैरिज गार्डन संचालकों में हड़कंप मच गया है। शादी-विवाह का सीजन जोरों पर है और हर रोज सैकड़ों लोग इन शादी घरों में पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की सख्ती से बाकी संचालक भी अब व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।
नगर निगम आयुक्त ने क्या कहा:
आयुक्त मनीष श्रीवास्तव ने मीडिया से चर्चा में कहा —
"शहर में साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं होगा। जिन मैरिज गार्डनों में खामियां पाई गईं हैं, उन्हें नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है। अगली बार कोई चूक मिली तो सीधा लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।" निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री अम्बरीश सिंह, अभिमन्यु चतुर्वेदी, सहायक अग्निशमन अधिकारी दीपक तोमर व अन्य मौजूद रहे।
जनहित में सख्ती जरूरी:
शहरवासियों ने भी नगर निगम की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। लोगों का कहना है कि शादियों में उमड़ती भीड़ और अव्यवस्था से हर बार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन की ये सख्ती सही वक्त पर आई है।