अनशन और जनाक्रोश का दिखा असर : डीन डॉ. सुनील अग्रवाल की छुट्टी, सतना भेजे गए; पुराने डीन डॉ. शशिधर गर्ग की धमाकेदार वापसी
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। (राज्य ब्यूरो) रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज (SSMC) और संजय गांधी अस्पताल में बीते कई दिनों से लगातार सामने आ रही चिकित्सीय लापरवाही, कर्मचारी असंतोष और जन-आक्रोश के बीच आखिरकार शासन ने बड़ा चाबुक चला दिया है। भारी विवादों और चौतरफा दबाव के बीच डीन डॉ. सुनील अग्रवाल को उनके पद से हटा दिया गया है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने उनका स्थानांतरण शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सतना कर दिया है। उनकी जगह सतना मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. शशिधर गर्ग को रीवा का नया डीन नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक गुगली: दिनभर रही चर्चाओं के बाद शाम को हुआ सरप्राइज
रविवार का पूरा घटनाक्रम किसी बड़े प्रशासनिक सस्पेंस जैसा रहा। सुबह उप-मुख्यमंत्री रीवा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और उन्होंने अस्पताल अधीक्षक, डीन व सभी विभागाध्यक्षों (HODs) की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान डीन को हटाने जैसी कोई बात सामने नहीं आई और व्यवस्थाओं में कसावट लाने के निर्देश दिए गए। हालांकि दिनभर डॉ. प्रियंक शर्मा और डॉ. नरेश बजाज को कमान मिलने की अटकलें बाजार में गर्म रहीं। लेकिन शाम ढलते ही भोपाल से जारी हुए नए आदेश ने सभी कयासों पर विराम लगा दिया।
चौतरफा दबाव और आंदोलनों के आगे झुका प्रशासन
डॉ. सुनील अग्रवाल को रीवा से हटाए जाने के पीछे संजय गांधी अस्पताल की चरमराती व्यवस्थाएं और लगातार बढ़ता जनाक्रोश मुख्य वजह बना। अस्पताल में लगातार हो रही मौतों और लापरवाही के बाद मृत पीड़िता कल्पना मिश्रा के पिता का सिरमौर चौराहे पर लगातार जारी आमरण अनशन, कांग्रेस व छात्र संगठनों के उग्र प्रदर्शन और उपमुख्यमंत्री निवास का घेराव प्रशासन पर भारी पड़ रहा था। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों और कर्मचारियों में भी पूर्व डीन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी व्याप्त थी।
पूर्व डीन डॉ. शशिधर गर्ग के हाथों में फिर होगी रीवा की कमान
रीवा के नए डीन बनाए गए डॉ. शशिधर गर्ग इससे पहले भी रीवा श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। स्थानीय कार्यप्रणाली, अस्पताल प्रशासन और चुनौतियों से भली-भांति परिचित होने के कारण उन्हें वापस रीवा लाया गया है। भोपाल अवर सचिव सीमा डेहरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, स्थानांतरण प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। हालांकि डॉ. गर्ग वर्तमान में 5 से 17 सितंबर तक अर्जित अवकाश (EL) पर हैं, जिसके बाद वे रीवा आकर आधिकारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण करेंगे।