Maihar में युवक ने लड़की को घर में घुसकर मारी गोली, फिर कनपटी में खुद पर भी किया फायर : लड़की रीवा रेफर

 
BGBGB

मैहर में एक युवक ने लड़की को घर में घुसकर गोली मार दी। फिर खुद पर भी फायर कर लिया। दोनों की हालत गंभीर है। लड़की को रीवा और युवक को सतना रेफर किया गया है। जिले के अमरपाटन की कृष्ण नगर कॉलोनी में रहने वाली नाबालिग को जरियारी निवासी रिश्तेदार सुमित पटेल (20) ने गोली मार दी। गोली लड़की के सीने में लगी। इसके बाद सुमित ने खुद की कनपटी पर भी कट्टा सटा कर फायर कर लिया। पुलिस ने प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी की हालत भी गंभीर है। सुधार आने के बाद उससे और नाबालिग से पूछताछ की जाएगी।

परिजन बोले- बेटी को परेशान कर रहा था सुमित
गोली चलाने वाला सुमित पटेल लड़की का रिश्तेदार है। उसका घर में आना-जाना था। सुमित ने शुक्रवार शाम को नाबालिग को फोन कर उसके भाई से मिलने की बात कही थी। इसके बाद सुमित उसके घर पहुंचा था। घर पर लड़की की मां, मौसी और एक अन्य सहेली थे। घर में बातचीत के दौरान अचानक सुमित ने कट्टा निकालकर लड़की के सीने में गोली मार दी। लड़की के परिजन का कहना है कि सब कुछ इतना अचानक हुआ कि कुछ समझ नहीं आया। सुमित को रोकने का मौका तक नहीं मिला। परिजन ने बताया कि सुमित पिछले काफी समय से बेटी को परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी।

Related Topics

Latest News