विंध्य में IAS पावर कपल की एंट्री: सृष्टि देशमुख रीवा जिला पंचायत CEO, पति नागार्जुन गौड़ा बने सतना निगमायुक्त

 
fhfgh
आईएएस नागार्जुन गौड़ा सतना निगमायुक्त और सृष्टि देशमुख रीवा जिला पंचायत सीईओ बनीं, खंडवा में ऐश्वर्य वर्मा और श्रद्धा शुक्ला की नई पदस्थापना।

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। (राज्य ब्यूरो) मध्य प्रदेश शासन के प्रशासनिक गलियारे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। राज्य शासन द्वारा जारी नवीनतम स्थानांतरण आदेश के तहत खंडवा जिले में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे चर्चित आईएएस दंपती डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और सृष्टि देशमुख का स्थानांतरण कर दिया गया है।

दोनों युवा आईएएस अधिकारियों को अब विंध्य अंचल के दो प्रमुख जिलों—रीवा और सतना में महत्वपूर्ण मैदानी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन के इस आदेश के बाद खंडवा प्रशासनिक महकमे में नए अधिकारियों की आमद को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा बने सतना निगमायुक्त, सृष्टि देशमुख को रीवा जिला पंचायत की कमान
खंडवा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के पद पर कार्यरत डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को सतना स्थानांतरित किया गया है। उन्हें सतना नगर निगम का नया आयुक्त (Commissioner) तथा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का सीईओ बनाया गया है।

वहीं, खंडवा में अपर कलेक्टर (ADM) की जिम्मेदारी संभाल रहीं आईएएस सृष्टि देशमुख को रीवा जिला पंचायत का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। विंध्य क्षेत्र के दो प्रमुख केंद्रों में इस आईएएस दंपती की पदस्थापना से विकास कार्यों में नई गति आने की संभावना जताई जा रही है।

खंडवा में नए आईएएस दंपती की एंट्री: ऐश्वर्य वर्मा बने जिला पंचायत सीईओ, श्रद्धा शुक्ला नई एडीएम
खंडवा जिले में खाली हुए दोनों प्रमुख प्रशासनिक पदों की कमान भी एक अन्य आईएएस दंपती को ही सौंपी गई है। वर्ष 2022 बैच के दो युवा आईएएस अधिकारियों को खंडवा का प्रभार दिया गया है:

ऐश्वर्य वर्मा: डिंडौरी जिले के शहपुरा में एसडीएम के पद पर पदस्थ वर्ष 2022 बैच के आईएएस ऐश्वर्य वर्मा को खंडवा जिला पंचायत का नया सीईओ बनाया गया है।
श्रद्धा शुक्ला: वर्ष 2022 बैच की ही आईएएस अधिकारी श्रद्धा शुक्ला को खंडवा की नई अपर कलेक्टर (एडीएम) नियुक्त किया गया है।

कैडर बदलाव का अनोखा संयोग: दोनों जोड़ों में पत्नियों के लिए बदले गए थे राज्य कैडर
इस प्रशासनिक फेरबदल के साथ एक बेहद दिलचस्प और अनोखा संयोग भी जुड़ा हुआ है। स्थानांतरित होने वाले और नए आने वाले—दोनों ही प्रशासनिक अधिकारी आपस में पति-पत्नी हैं और दोनों ही मामलों में ऑल इंडिया सर्विस (AIS) के नियमों के तहत विवाह के पश्चात अंतर-कैडर ट्रांसफर (Inter-Cadre Transfer) हुआ था।

डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और सृष्टि देशमुख: डॉ. गौड़ा का मूल कैडर केरल था। आईएएस सृष्टि देशमुख से विवाह के बाद उन्होंने अपना कैडर बदलकर मध्य प्रदेश चुना था।
ऐश्वर्य वर्मा और श्रद्धा शुक्ला: खंडवा आ रहे नए आईएएस दंपती में श्रद्धा शुक्ला का शुरुआती चयन तेलंगाना कैडर के लिए हुआ था। ऐश्वर्य वर्मा से विवाह के उपरांत उन्होंने भी अपना कैडर परिवर्तित करवाकर मध्य प्रदेश कैडर प्राप्त किया था।

Related Topics

Latest News